हीरे जड़ित नेत्र... सोने-चांदी के गहने: ₹7 करोड़ के आभूषणों से सजे बप्पा
Indore के खजराना गणेश में गणेश चतुर्थी पर भगवान श्री गणेश का ₹7 करोड़ के आभूषणों से भव्य श्रृंगार, सवा लाख मोदक और लड्डुओं का लगा भोग
इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान श्री गणेश का भव्य और मनमोहक श्रृंगार किया गया। ब्रह्म मुहूर्त में पंचामृत अभिषेक के बाद भगवान गणेश को हीरे जड़ित नेत्र और करीब 7 करोड़ रुपए मूल्य के सोने, चांदी और हीरों से बने आभूषण अर्पित किए गए। विशेष श्रृंगार में सजे भगवान गणेश के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

दरअसल इंदौर में गणेश चतुर्थी पर खजराना गणेश मंदिर में सुबह से ही भक्तों की आस्था का सैलाब नजर आया। ब्रह्म मुहूर्त में भगवान गणेश का पंचामृत से अभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भगवान को हीरे जड़ित नेत्र पहनाए गए। सोने, चांदी और हीरों से सजे करीब 7 करोड़ रुपए के आभूषणों से भगवान गणेश का भव्य श्रृंगार किया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।

वहीं, परंपरा के अनुसार गणेश चतुर्थी के दिन इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने ध्वजा पूजन किया। इसके साथ ही मंदिर में 10 दिवसीय गणेश उत्सव की विधिवत शुरुआत हुई।

इस दौरान भगवान श्री गणेश को सवा लाख मोदक और लड्डुओं का भोग अर्पित किया गया। गणेश उत्सव के दौरान खजराना गणेश के विशेष श्रृंगार के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालु पूरे गणेश उत्सव के दौरान भगवान गणेश के विशेष श्रृंगार के दर्शन कर सकेंगे।

Varsha Shrivastava 
