MP Scooty Scheme : 7,500 से ज्यादा मेधावी छात्रों को मिलेगी ई-स्कूटी, CM मोहन यादव 16 सितंबर को देंगे सौगात

Mukhyamantri Scooty Scheme : मुख्यमंत्री स्कूटी योजना मेधावी विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धि को प्रोत्साहित करने के साथ ही आगे की पढ़ाई के लिए सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।

MP Scooty Scheme : 7,500 से ज्यादा मेधावी छात्रों को मिलेगी ई-स्कूटी, CM मोहन यादव 16 सितंबर को देंगे सौगात

MP Scooty Scheme : भोपाल। मध्यप्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 सितंबर को भोपाल में मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत विद्यार्थियों को ई-स्कूटी वितरित करेंगे। राज्यस्तरीय कार्यक्रम शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। सरकारी स्कूलों में 12वीं कक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इससे उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

7,500 से ज्यादा विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश के 7,500 से ज्यादा पात्र विद्यार्थियों को ई-स्कूटी दी जाएगी। योजना का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है। सरकार का मानना है कि स्कूटी मिलने से विद्यार्थियों को कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचने में आसानी होगी। इससे उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए उन्हें अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

12वीं में 70 प्रतिशत अंक जरूरी

मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी पात्रता तय की गई है। विद्यार्थी को 12वीं की परीक्षा प्रथम प्रयास में पास करनी होगी। इसके साथ ही कम से कम 70 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी है। विद्यार्थी को अपने स्कूल में प्रथम स्थान भी प्राप्त करना होगा।

यह योजना स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग के सरकारी हायर सेकंडरी स्कूलों में नियमित रूप से पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए लागू है। सभी संकायों के पात्र विद्यार्थियों को इसमें शामिल किया गया है।

अब तक 23 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को लाभ

प्रदेश में मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत अब तक 23 हजार से ज्यादा पात्र विद्यार्थियों को लाभ दिया जा चुका है। योजना के संचालन पर सरकार करीब 246 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है।

सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को वाहन उपलब्ध कराना नहीं है। इसके जरिए उनकी मेहनत और शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मान देना भी है। साथ ही, उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधा उपलब्ध कराना भी इसका अहम लक्ष्य है।

उच्च शिक्षा के लिए बढ़ेगा उत्साह

सरकार के अनुसार, सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने से शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ रहा है। ई-स्कूटी मिलने से दूर रहने वाले विद्यार्थियों के लिए कॉलेज तक पहुंचना भी आसान हो सकता है।

इससे उच्च शिक्षा में उनकी भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री स्कूटी योजना को प्रदेश सरकार मेधावी विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने और उनकी शैक्षणिक यात्रा को आसान बनाने वाली महत्वपूर्ण पहल के रूप में देख रही है।