US Midterm Election : ट्रंप का बड़ा ऐलान- हर अमेरिकी को मिलेंगे 5,000 डॉलर... जानें क्या है ‘ट्रंप डिविडेंड’
US Midterm Election : डलास में रिपब्लिकन कन्वेंशन के दौरान ट्रंप ने इस योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह रकम अमेरिका की आर्थिक ताकत और सफलता के कारण दी जाएगी
US Midterm Election : वांशिगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा आर्थिक ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगर नवंबर के मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में बहुमत बरकरार रखती है, तो हर बालिग अमेरिकी को 5,000 डॉलर दिए जाएंगे। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 4.76 लाख रुपये बैठती है। ट्रंप ने इस भुगतान को ‘ट्रंप डिविडेंड’ नाम दिया है।
आर्थिक सफलता से जोड़कर बताया फैसला
डलास में रिपब्लिकन कन्वेंशन के दौरान ट्रंप ने इस योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह रकम अमेरिका की आर्थिक ताकत और सफलता के कारण दी जाएगी। ट्रंप के मुताबिक, डिविडेंड की राशि अमेरिका में ही खर्च करनी होगी। हालांकि, उन्होंने अभी यह साफ नहीं किया कि योजना के लिए पैसा कहां से आएगा और भुगतान की पूरी प्रक्रिया क्या होगी।
पूरी योजना पर 1.35 ट्रिलियन डॉलर का खर्च
अमेरिका में करीब 26.98 करोड़ बालिग हैं। यदि सभी को 5,000 डॉलर दिए जाते हैं, तो कुल खर्च करीब 1.35 ट्रिलियन डॉलर हो सकता है। यह राशि कई देशों की पूरी अर्थव्यवस्था से बड़ी है। विश्व बैंक के 2025 के आंकड़ों के अनुसार, दुनिया में केवल 19 देशों की GDP इससे ज्यादा है। यह पाकिस्तान की GDP से भी करीब 3.3 गुना अधिक है।
सरकारी घाटे और कर्ज पर सवाल
इस योजना को लागू करने के लिए अमेरिकी कांग्रेस की मंजूरी जरूरी होगी। यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है, जब अमेरिका का सालाना बजट घाटा करीब 1.8 ट्रिलियन डॉलर है। देश का राष्ट्रीय कर्ज भी 40 ट्रिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर चुका है। ऐसे में इतनी बड़ी रकम बांटने से घाटे और महंगाई को लेकर बहस तेज हो सकती है।
वेंस ने अमीरों को बाहर रखने की बात कही
उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि इस भुगतान का लाभ अमीर अमेरिकियों को नहीं मिलेगा। उन्होंने संकेत दिया कि इसके लिए टैरिफ से मिलने वाले राजस्व का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, मौजूदा अनुमान के मुताबिक टैरिफ से मिलने वाली रकम 5,000 डॉलर प्रति बालिग के भुगतान की जरूरत से काफी कम है।
मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन की अग्निपरीक्षा
मिडटर्म चुनाव राष्ट्रपति चुनाव के दो साल बाद होते हैं। इनमें प्रतिनिधि सभा की सभी सीटों और सीनेट की करीब एक-तिहाई सीटों पर मतदान होता है। रिपब्लिकन पार्टी के सामने प्रतिनिधि सभा में अपने मामूली बहुमत को बचाने की चुनौती है। ट्रंप ने कहा है कि वह उस परंपरा को बदलना चाहते हैं, जिसमें राष्ट्रपति की पार्टी मिडटर्म चुनाव में अक्सर सीटें गंवाती है।

