Ind vs Afg T20I Series: वैभव सूर्यवंशी या संजू सैमसन? कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने बड़ी दुविधा
भारत-अफगानिस्तान T20I सीरीज से पहले ओपनिंग को लेकर बड़ा सवाल है. वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन में किसे मौका मिलेगा? जानिए श्रेयस अय्यर ने क्या कहा.
भारतीय क्रिकेट टीम को 13 सितंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की T20 सीरीज खेलनी है. सीरीज शुरू होने से पहले सबसे बड़ा सवाल टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी को लेकर है. कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन में से किसी एक को चुनने की चुनौती है. दोनों ही खिलाड़ी शानदार फॉर्म में हैं और ऐसे में किसी एक को बाहर बैठाना कप्तान और कोच गौतम गंभीर के लिए आसान फैसला नहीं होगा.
श्रेयस अय्यर ने क्या कहा?
12 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब श्रेयस अय्यर से वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन में से किसी एक को मौका देने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने सीधा जवाब नहीं दिया. श्रेयस ने माना कि वैभव, संजू और अभिषेक शर्मा जैसे तीन मजबूत दावेदारों का टीम में होना भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छी स्थिति है, लेकिन प्लेइंग-11 चुनना मुश्किल फैसला होगा.
श्रेयस ने कहा कि तीनों खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. जिसे भी मौका मिलेगा, वह टीम की जरूरत के हिसाब से मिलेगा. साथ ही उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी बाहर रहेगा, उससे वह और कोच गौतम गंभीर बात करेंगे और उसे भरोसा दिलाएंगे कि आगे खुद को साबित करने के पर्याप्त मौके मिलेंगे.
संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी दोनों का दावा मजबूत
ओपनिंग की रेस इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी दोनों के पास हालिया प्रदर्शन के आधार पर मजबूत दावा है. संजू सैमसन इसी साल T20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे हैं, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने जिंबाब्वे के खिलाफ पिछली सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीता था.
ऐसे में कप्तान के लिए यह तय करना आसान नहीं होगा कि किसे प्लेइंग-11 में शामिल किया जाए और किसे बाहर बैठाया जाए।
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भी हुआ था बदलाव
संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी के चयन को लेकर हाल के दौर में चर्चा होती रही है। आयरलैंड दौरे पर फैंस को उम्मीद थी कि वैभव को डेब्यू का मौका मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भारत ने यह सीरीज 2-0 से गंवाई।
इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले T20I में संजू सैमसन को मौका मिला, लेकिन उनका बल्ला नहीं चला। इसके बाद दूसरे, तीसरे और चौथे मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को ओपनिंग का मौका दिया गया। हालांकि, वह इन मैचों में बड़ा प्रभाव नहीं छोड़ सके और आखिरी T20I में संजू की टीम में वापसी हुई।
जिंबाब्वे सीरीज में वैभव का शानदार प्रदर्शन
इसके बाद भारतीय टीम ने जिंबाब्वे का दौरा किया. इस दौरे पर संजू सैमसन को आराम दिया गया, जबकि वैभव सूर्यवंशी को तीनों मैचों में खेलने का मौका मिला. वैभव ने इस मौके का फायदा उठाया और शानदार बल्लेबाजी करते हुए सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया. यही वजह है कि अब अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में वैभव और संजू के बीच चयन को लेकर मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है.
ईशान किशन की फिटनेस पर श्रेयस ने दिया अपडेट
कप्तान श्रेयस अय्यर ने ईशान किशन की फिटनेस को लेकर भी जानकारी दी. 11 सितंबर को प्रैक्टिस सेशन के दौरान ईशान की पीठ में खिंचाव आया था, जिसके बाद उन्होंने अभ्यास सत्र बीच में ही छोड़ दिया था.
श्रेयस के मुताबिक, ईशान को दलीप ट्रॉफी की थकान के कारण यह परेशानी हुई थी। ईशान ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में 270 और 80 रन की पारियां खेली थीं. हालांकि, अब उन्होंने पर्याप्त आराम कर लिया है और बेहतर महसूस कर रहे हैं.
ऐसे में ईशान किशन का 13 सितंबर को नंबर-3 पर बल्लेबाजी करना तय माना जा रहा है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अफगानिस्तान के खिलाफ ओपनिंग में कप्तान श्रेयस अय्यर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर भरोसा जताते हैं या अनुभवी संजू सैमसन को मौका देते हैं.

