CG Swine Flu : छत्तीसगढ़ में पैर पसार रहा स्वाइन फ्लू ! दो दिन में मिले 85 मरीज, अब तक सामने आये 344 केस
CG Swine Flu : स्वाइन फ्लू का सबसे ज्यादा असर रायपुर में देखने को मिल रहा है। 8 सितंबर तक जिले में 127 मरीज थे। 9 सितंबर को यह संख्या बढ़कर 146 हो गई।
CG Swine Flu : रायपुर। छत्तीसगढ़ में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की 9 सितंबर की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 344 हो गई है। 8 सितंबर को यह आंकड़ा 298 था। यानी एक दिन में कुल मामलों में 46 की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, पिछले दो दिनों में 85 नए केस सामने आए हैं।
रायपुर में सबसे ज्यादा मरीज
स्वाइन फ्लू का सबसे ज्यादा असर रायपुर में देखने को मिल रहा है। 8 सितंबर तक जिले में 127 मरीज थे। 9 सितंबर को यह संख्या बढ़कर 146 हो गई। यानी एक दिन में 19 मरीज बढ़े। प्रदेश के कुल 344 मरीजों में करीब 42 प्रतिशत मामले अकेले रायपुर से हैं। इसके बाद दुर्ग और बिलासपुर में सबसे ज्यादा संक्रमित मरीज मिले हैं।
एक दिन में 39 नए पॉजिटिव केस
9 सितंबर को प्रदेश में 39 नए मरीज मिले। इनमें रायपुर के 19, महासमुंद के 10 और बिलासपुर के 3 मरीज शामिल हैं। कोरबा में 2 नए केस मिले। दुर्ग, रायगढ़, मुंगेली, राजनांदगांव और सरगुजा में एक-एक मरीज मिला। दूसरे राज्यों से कोई नया केस सामने नहीं आया। 8 सितंबर को 46 नए मरीज मिले थे।
एक्टिव मरीजों की संख्या भी बढ़ी
प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 113 से बढ़कर 122 हो गई है। अस्पताल में भर्ती मरीज 81 से बढ़कर 90 हो गए हैं। वहीं, होम आइसोलेशन में 32 मरीज हैं। कुल मामलों में रायपुर के बाद दुर्ग और बिलासपुर में 41-41 मरीज हैं। कोरबा में 21 और महासमुंद में 17 मरीज हैं।
H1N1 के लक्षणों को न करें नजरअंदाज
H1N1 इन्फ्लुएंजा वायरस का एक प्रकार है। इसके प्रमुख लक्षणों में बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और कमजोरी शामिल हैं। कुछ मामलों में सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है। ऐसे लक्षणों को सामान्य वायरल मानकर खुद से दवा लेने से बचना चाहिए।
अब तक कोई मौत नहीं, लेकिन सावधानी जरूरी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अब तक H1N1 से किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं हुई है। संक्रमित व्यक्ति की खांसी या छींक से निकलने वाली बूंदों और नजदीकी संपर्क से संक्रमण फैल सकता है। बुजुर्गों, बच्चों और गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी रखनी चाहिए। सांस लेने में परेशानी या हालत बिगड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।

