MP Weather Update : चंबल नदी में पिता-पुत्र डूबे, भोपाल-खंडवा में तेज बारिश; बड़ा तालाब हुआ ओवरफ्लो

MP Weather Update : मुरैना में चंबल नदी में नहाने के दौरान पिता और पुत्र डूब गए। दोनों बाबू महाराज मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे।

MP Weather Update : चंबल नदी में पिता-पुत्र डूबे, भोपाल-खंडवा में तेज बारिश; बड़ा तालाब हुआ ओवरफ्लो

MP Weather Update : भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। रविवार को भोपाल समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। बड़वानी के सेंधवा में नदी, नाले और तालाब उफान पर आ गए। रलावती क्षेत्र का सबसे बड़ा तालाब ओवरफ्लो हो गया। डेब नदी और कमोदवाड़ा तालाब का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है। लगातार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

चंबल में नहाते समय पिता-पुत्र डूबे

मुरैना में चंबल नदी में नहाने के दौरान पिता और पुत्र डूब गए। दोनों बाबू महाराज मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। हादसे में देवेंद्र सिंकरवार (45) की मौत हो गई। उनका शव बरामद कर लिया गया है। वहीं, 15 वर्षीय बेटे वंशू सिंकरवार की तलाश जारी है। दोनों ग्वालियर के चंदनपुरा, बिरला नगर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस और रेस्क्यू टीम नदी में तलाश कर रही है।

Machela Ghat Drowning Accident | Father Body Found Son Search Continues

कई जिलों में मूसलधार बारिश

शाजापुर के मक्सी, झाबुआ के पेटलावद, खरगोन के कसरावद और खंडवा में भी बारिश का तेज दौर जारी रहा। टीकमगढ़ में बारिश के बाद बान सुजारा बांध के चार गेट खोल दिए गए। हरदा के वन क्षेत्र में लाखादेह की पहाड़ी नदी भी उफान पर है। रतलाम में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। धार में करीब एक महीने बाद बारिश दर्ज की गई। महू और ओंकारेश्वर में भी बारिश हुई।

18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 18 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की। इनमें इंदौर, उज्जैन, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, हरदा, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ और अलीराजपुर सहित अन्य जिले शामिल हैं। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

सेंधवा में फसलों को भारी नुकसान

बड़वानी के सेंधवा क्षेत्र में तेज हवा और बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। नागलवाड़ी, देवनाली और लफनगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में खेतों में खड़ी मक्का, कपास और सोयाबीन की फसल प्रभावित हुई है। कई खेतों में फसलें जमीन पर गिर गईं। कुछ जगह पानी भरने से फसल खराब होने की स्थिति बन गई है। किसानों ने प्रशासन से जल्द खेतों का निरीक्षण करने की मांग की है।

किसानों ने मुआवजे की मांग की

प्रभावित किसानों राजू गणेश, बिसराम और जितेंद्र सहित अन्य ने अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लेने की मांग की है। किसानों का कहना है कि खराब फसलों का पंचनामा बनाया जाए और शासन के नियमों के अनुसार राहत राशि दिलाई जाए। सेंधवा के ग्रामीण इलाकों में सुबह से दोपहर तक रुक-रुककर तेज बारिश हुई। करीब आठ घंटे में डेढ़ इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई।

शाजापुर में रास्तों पर भरा पानी

शाजापुर जिले के मक्सी क्षेत्र के लसुड़लिया, सिरोलिया और कपालिया गांवों में रविवार दोपहर से मूसलधार बारिश हुई। तेज बारिश के कारण कई स्कूलों और पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने लगा। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हुई। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थानीय लोगों को नदी और पुलों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।