लोक शिक्षण संचालनालय में घुसकर गुंडागर्दी, पुलिस बनी रही तमाशबीन, 21 अगस्त से आंदोलन
लोक शिक्षण संचालनालय में अभद्रता और हिंसा के प्रयास के विरोध में कर्मचारी संगठनों ने 21 अगस्त से सविनय कार्य अवज्ञा आंदोलन का ऐलान किया है।
भोपाल। मध्य प्रदेश के लोक शिक्षण संचालनालय में 20 अगस्त को हुई अभद्रता और हिंसा के प्रयास के विरोध में विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने आंदोलन का ऐलान किया है। कर्मचारी संगठनों की ओर से जारी संयुक्त पत्र में आरोप लगाया गया है कि लोक शिक्षण संचालनालय के प्रांगण में धरना प्रदर्शन कर रहे एक समूह ने ताबड़तोड़ आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह के कक्ष में घुसकर अभद्रता, अशिष्टता और हिंसा का प्रयास किया।
संयुक्त पत्र के मुताबिक, इस घटना से संचालनालय के कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच भय और असंतोष का माहौल बन गया है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि घटना से शासकीय कार्य में भी व्यवधान पैदा हुआ है।

घटना के विरोध में सभा और कार्य बहिष्कार का ऐलान
पत्र में कहा गया है कि घटना के विरोध में लोक सेवकों की ओर से एक सभा आयोजित कर तीव्र आक्रोश व्यक्त किया जाएगा। साथ ही घटना की निंदा करते हुए लोक सेवकों की कड़ी सुरक्षा की मांग की गई है।
कर्मचारी संगठनों ने ऐलान किया है कि मांगों पर कार्रवाई होने तक लोक शिक्षण संचालनालय के समस्त लोक सेवक 21 अगस्त 2026 से सविनय कार्य अवज्ञा आंदोलन शुरू करेंगे। इसके तहत पूरे मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत लोक सेवकों से भी आंदोलन में कंधे से कंधा मिलाकर भाग लेने की अपील की गई है।
दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग
संयुक्त पत्र में घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमों के प्रकाश में कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। कर्मचारी संगठनों ने कहा है कि शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित होना जरूरी है, ताकि वे बिना भय के अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
पत्र पर मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ, मंत्रालयीन कर्मचारी संघ, म.प्र. लिपिकवर्गीय कर्मचारी संघ, म.प्र. अजाक्स, राज्य कर्मचारी संघ, शिक्षक संगठनों सहित कई कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।

क्या है मामला?
कर्मचारी संगठनों के अनुसार, 20 अगस्त को लोक शिक्षण संचालनालय परिसर में कुछ लोग अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान तौर पर आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह के कक्ष में घुसकर अभद्रता और हिंसा का प्रयास किया गया। अब इस घटना के विरोध में कर्मचारी संगठनों ने 21 अगस्त से सविनय कार्य अवज्ञा आंदोलन की घोषणा की है। हालांकि, घटना के दूसरे पक्ष का विस्तृत बयान सामने आना अभी बाकी है।

