कच्चे आम के दीवानों के लिए परफेक्ट समर डिनर, बनाएं खट्टा-चटपटा रॉ मैंगो राइस जो स्वाद के साथ देगा ठंडक; जानें रेसिपी
गर्मियों में कच्चे आम से बना खट्टा-चटपटा रॉ मैंगो राइस स्वाद और ठंडक का बेहतरीन कॉम्बिनेशन है। विटामिन C और फाइबर से भरपूर यह आसान साउथ इंडियन रेसिपी हल्की, हेल्दी और झटपट तैयार होने वाली समर डिनर डिश है।
गर्मियों का मौसम आते ही बाजारों में कच्चे आम की बहार नजर आने लगती है। कोई इससे पना बनाता है तो कोई चटनी, लेकिन अगर आप कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं तो “रॉ मैंगो राइस” आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन हो सकता है। खट्टे-चटपटे स्वाद से भरपूर यह डिश न सिर्फ खाने में बेहद लाजवाब होती है, बल्कि गर्मी में शरीर को ताजगी और ठंडक भी देती है। दक्षिण भारत में खास तौर पर पसंद की जाने वाली यह रेसिपी अब हर घर की फेवरेट बनती जा रही है।

क्यों खास है रॉ मैंगो राइस?
कच्चे आम में विटामिन C, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यह शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करता है और गर्मियों में ऊर्जा बनाए रखता है। वहीं चावल के साथ इसका खट्टा स्वाद एकदम अलग और मजेदार फ्लेवर देता है।

रॉ मैंगो राइस के लिए सामग्री
रॉ मैंगो राइस बनाने के लिए सबसे पहले 2 कप पके हुए चावल तैयार कर लें। इसके लिए एक मध्यम आकार का कच्चा आम कद्दूकस किया हुआ, 2 बारीक कटी हरी मिर्च, 1 छोटा चम्मच राई, 1 छोटा चम्मच उड़द दाल और 1 छोटा चम्मच चना दाल लें। स्वाद बढ़ाने के लिए 8-10 करी पत्ते, 2 सूखी लाल मिर्च और 2 बड़े चम्मच मूंगफली भी इस्तेमाल करें। मसाले के तौर पर 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें। इन सभी चीजों को पकाने के लिए करीब 2 बड़े चम्मच तेल की जरूरत होगी।

बनाने की विधि
सबसे पहले चावल को पकाकर पूरी तरह ठंडा कर लें ताकि दाने अलग-अलग रहें। अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें राई डालें। जब राई चटकने लगे तो उड़द दाल, चना दाल, मूंगफली, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ते डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद हरी मिर्च और हल्दी डालें। अब इसमें कद्दूकस किया हुआ कच्चा आम डालकर 2-3 मिनट तक हल्का पकाएं। ध्यान रखें कि आम ज्यादा न पके, वरना उसका ताजा खट्टापन कम हो जाएगा। अब तैयार मसाले में ठंडे चावल और नमक डालें। सभी चीजों को अच्छे से मिलाएं ताकि चावल में आम और मसालों का स्वाद अच्छी तरह घुल जाए। आपका स्वादिष्ट रॉ मैंगो राइस तैयार है। आप इसे दही, पापड़ या नारियल की चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं। यह हल्का, हेल्दी और झटपट बनने वाला डिनर ऑप्शन है, जिसे बच्चे और बड़े दोनों खूब पसंद करेंगे।

गर्मियों में क्यों है बेस्ट ऑप्शन?
रॉ मैंगो राइस पेट को हल्का रखता है और गर्म मौसम में भूख बढ़ाने का काम करता है। साथ ही इसमें मौजूद कच्चे आम का खट्टापन शरीर को तरोताजा महसूस कराता है। अगर आप रोज-रोज की सब्जी-रोटी से बोर हो चुके हैं, तो यह रेसिपी आपके डिनर को मजेदार बना सकती है।
Varsha Shrivastava 
