होमवर्क नहीं किया तो टीचर ने मारा थप्पड़, 6 साल के बच्चे की मौत; CCTV में कैद हुआ पूरा मामला

विशाखापत्तनम के स्कूल में होमवर्क नहीं करने पर 6 साल के छात्र को शिक्षक द्वारा थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। बच्चे की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। घटना CCTV में कैद बताई जा रही है।

होमवर्क नहीं किया तो टीचर ने मारा थप्पड़, 6 साल के बच्चे की मौत; CCTV में कैद हुआ पूरा मामला

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से स्कूल में बच्चे के साथ मारपीट और उसकी मौत का बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक निजी स्कूल में 6 साल के LKG छात्र प्रणय तेज की मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर टीचर ने बच्चे को डांटा और कथित तौर पर थप्पड़ मारा। इसके बाद बच्चा अचानक गिर पड़ा और अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। 

होमवर्क नहीं करने पर टीचर ने मारा थप्पड़

मामला विशाखापत्तनम के वन टाउन इलाके के लिटिल गार्डन स्कूल का बताया जा रहा है। प्रणय तेज LKG में पढ़ता था। परिवार के मुताबिक, स्कूल में होमवर्क को लेकर टीचर ने बच्चे को डांटा और उसके साथ मारपीट की।

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फुटेज में बच्चा टीचर के सामने परेशान और रोता हुआ नजर आता है। इसके बाद वह कथित तौर पर टीचर के सहारे गिरता है और फिर जमीन पर गिर जाता है।

अस्पताल पहुंचने से पहले बच्चे ने तोड़ा दम

बच्चे के गिरने के बाद स्कूल प्रबंधन और टीचर उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। प्रणय तेज को किंग जॉर्ज हॉस्पिटल (KGH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बच्चे की मौत के बाद परिवार में गम और गुस्से का माहौल है। परिजनों ने स्कूल पहुंचकर CCTV फुटेज देखा और मामले में कार्रवाई की मांग की।

मौत की वजह को लेकर जांच जारी

बच्चे की मौत की सटीक वजह को लेकर अभी आधिकारिक जांच जारी है। कुछ रिपोर्ट्स में बच्चे को डरने के बाद हार्ट अटैक आने की आशंका का जिक्र है, लेकिन इसे अभी अंतिम मेडिकल निष्कर्ष नहीं माना जा सकता। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं, रिपोर्ट्स के अनुसार शिक्षक ने पुलिस और बच्चे के परिजनों से कहा कि उसने बच्चे को इतनी जोर से नहीं मारा था और कथित तौर पर बच्चे के जवाब नहीं देने पर उसे थप्पड़ मारा था।

परिवार ने की सख्त कार्रवाई की मांग

परिवार का आरोप है कि बच्चे के साथ स्कूल में शारीरिक दुर्व्यवहार किया गया। परिजनों ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि स्कूल में दूसरे बच्चों के साथ भी मारपीट की जाती थी। इन आरोपों की भी जांच की जा रही है।

इस घटना ने स्कूलों में बच्चों को अनुशासन के नाम पर शारीरिक सजा दिए जाने को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बच्चे की मौत की वास्तविक वजह क्या थी और इस मामले में किसकी जिम्मेदारी तय होती है।