मऊगंज: परीक्षा देने निकली आठवीं की छात्रा के साथ गैंगरेप
मऊगंज में प्री-बोर्ड परीक्षा देने जा रही आठवीं की छात्रा को अगवा कर चार युवकों ने जंगल में सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने पीड़िता को नशीला पदार्थ पिलाकर वारदात को अंजाम दिया, जिसकी जांच में फिलहाल पुलिस जुटी है।
मध्यप्रदेश के मऊगंज से एक किशोरी के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता आठवीं कक्षा की छात्रा थी और अपने घर से आठवीं प्री-बोर्ड की परीक्षा देने के लिए निकली थी। तभी रास्ते में दो बाइक पर सवार चार आरोपी आए और किशोरी सहित उसकी दोस्त को जंगल में उठा ले गए। आरोपियों ने उसकी दोस्त को दूर छोड़ दिया और फिर किशोरी के साथ गैंगरेप किया।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो आरोपियों ने पीड़िता को पहले नशीली दवा खिलाई थी या फिर शराब पिलाई थी, जिसके बाद उन्होंने गैंगरेप को अंजाम दिया। यह घटना गुरुवार, 5 फरवरी की बताई जा रही है। पीड़िता घर से सुबह करीब 11:00 बजे स्कूल के लिए निकली थी और शाम 4:00 बजे के आसपास पीड़िता के घरवालों के पास फोन आया कि किशोरी बेहोशी की हालत में नेबूहा क्रेशर के पास पड़ी है। जिसके बाद परिजन किशोरी को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे।

मामले की जांच मऊगंज थाना पुलिस कर रही है। पुलिस अधीक्षक दिलीप सिंह सोनी सहित एसडीओपी शची पाठक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दे दिए हैं। पीड़िता से भी पूछताछ की जा रही है। वहीं मऊगंज पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि गुरुवार की रात बेहोशी की हालत में किशोरी को सिविल अस्पताल मऊगंज में भर्ती कराया गया था, नशे में होने के कारण किशोरी के बयान नहीं हो पाए थे। आज शुक्रवार की सुबह किशोरी से पूछताछ की जा रही है। किशोरी के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


