MP Weather: प्रदेश के 20 जिलों में लू का अलर्ट, कई जगह बारिश के आसार
मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी जारी है। खजुराहो सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 44.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 20 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है, जबकि कई जिलों में शाम के समय बारिश और बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
भोपाल: मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर जारी है। भीषण गर्मी के बीच तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है। सबसे गर्म शहर खजुराहो रहा। वहीं एमपी के अधिकतर शहरों का तापमान 43 डिग्री के करीब पहुंच गया है। इसके साथ ही IMD ने आज बुधवार को 20 जिलों में लू की चेतावनी दी है। वहीं कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी होने की भी संभावना है।
चक्रवात सिस्टम से बदला मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) के एक्टिव होने से उत्तरी हिस्से के तापमान में मामूली गिरावट आई है। वहीं आज बुधवार को ग्वालियर, छिंदवाड़ा, छतरपुर, विदिशा, श्योपुर, मुरैना, मंडला, भिंड, सतना, दतिया, निवाड़ी, पन्ना, रायसेन, रीवा और सागर जिले में लू का अलर्ट है।
इन जिलों में शाम को बदल सकता है मौसम
IMD के अनुसार, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, निवाड़ी, दतिया, सतना, टीकमगढ़, रीवा और पन्ना जिले में दिन में लू चलेगी और शाम के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। यहां गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार है।इसके साथ ही प्रदेश के सिंगरौली, सीधी, सिवनी, बैतूल, बालाघाट और मऊगंज में भी बारिश होने की संभावना है।
खजुराहो सबसे गर्म शहर
मंगलवार को एक बार फिर खजुराहो सबसे गर्म शहर रहा। यहां पारा 44.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं कई शहरों का तापमान 43 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया।
इन शहरों में भी तेज गर्मी
सीधी में 44.6 डिग्री, श्योपुर में 44 डिग्री, भोपाल में 43.6 डिग्री, उमरिया में 43.5 डिग्री, खंडवा में 43.4 डिग्री, मुरैना में 43.3 डिग्री, मंडला में 43.2 डिग्री, दमोह-रतलाम में 43 डिग्री, जबलपुर में 42.7 डिग्री, इंदौर में 42.2 डिग्री, उज्जैन-ग्वालियर में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
sanjay patidar 
