पश्चिम बंगाल चुनाव: दूसरे चरण में 89.99% वोटिंग, ममता बनर्जी ने CRPF पर लगाए गंभीर आरोप; भवानीपुर में सुवेंदु के खिलाफ नारेबाजी
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की 142 सीटों पर मतदान जारी, शाम 5 बजे तक 89.99% वोटिंग. CM ममता बनर्जी ने CRPF पर हिंसा और बूथ कब्जाने के आरोप लगाए, भाजपा ने EVM से छेड़छाड़ का दावा किया.
Bengal Voting Phase 2: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को 142 सीटों पर मतदान जारी है. चुनाव आयोग के अनुसार शाम 5 बजे तक 89.99% वोटिंग दर्ज की गई है। इससे पहले पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर रिकॉर्ड 93% मतदान हुआ था. राज्य में चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे.
ममता बनर्जी का आरोप- CRPF कर रही है बूथ कब्जा
मतदान के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय सुरक्षा बल CRPF पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कोलकाता में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि CRPF ने कई बूथों पर कब्जा कर लिया है और तृणमूल कांग्रेस (TMC) समर्थकों के साथ मारपीट की जा रही है.
उन्होंने कहा कि “CRPF हमारे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर रही है. वोटरों और केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ भी दुर्व्यवहार हो रहा है. महिलाओं और बच्चों को भी नहीं छोड़ा जा रहा.
‘सीमा की सुरक्षा के बजाय एक पार्टी के लिए काम’ – ममता
ममता बनर्जी ने केंद्रीय बलों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें देश की सीमाओं की रक्षा करनी चाहिए, लेकिन वे एक राजनीतिक दल के हित में काम कर रहे हैं. उन्होंने बंगाल पुलिस की गैरमौजूदगी पर भी चिंता जताई.
हावड़ा में बुजुर्ग की मौत का आरोप, TMC ने उठाए सवाल
तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हावड़ा के उदयनारायणपुर में CRPF की कार्रवाई के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हो गई. पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी के अनुसार, बुजुर्ग अपने बेटे के साथ वोट डालने गए थे, जहां केंद्रीय बलों के साथ कथित धक्का-मुक्की में उनकी हालत बिगड़ गई. अस्पताल में उन्हें मृत घोषित किया गया.
भाजपा का आरोप- EVM में गड़बड़ी, बटन पर टेप लगाया गया
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं. पार्टी का दावा है कि डायमंड हार्बर के फालता इलाके में EVM के भाजपा बटन पर टेप लगाया गया था, जिससे वोटिंग प्रभावित हो सकती थी.
चुनाव आयोग सख्त, शिकायत सही मिलने पर होगा पुनर्मतदान
इन आरोपों पर चुनाव आयोग ने कहा है कि जिन मतदान केंद्रों पर शिकायतें सही पाई जाएंगी, वहां पुनर्मतदान कराया जाएगा.
2021 में इन सीटों पर TMC का दबदबा
जिन 142 सीटों पर इस चरण में मतदान हो रहा है, उनमें से 123 सीटों पर 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने जीत हासिल की थी. ऐसे में यह चरण राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है.

