Traffic ACP Residence Chori : भोपाल में ट्रैफिक ACP के घर में बड़ी चोरी, 20 लाख कैश - 50 तोला सोना ले गए चोर

Traffic ACP Residence Theft : चोरों ने ट्रैफिक एसीपी विजय दुबे के घर का ताला तोड़कर 20 लाख रुपए नकद और 50 तोला सोना और अन्य चांदी के कीमती जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया।

Traffic ACP Residence Chori : भोपाल में ट्रैफिक ACP के घर में बड़ी चोरी, 20 लाख कैश - 50 तोला सोना ले गए चोर

Traffic ACP Residence Theft : मध्य प्रदेश राजधानी भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में चोरों ने ट्रैफिक एसीपी के सूने मकान को निशाना बनाया। DK-2 इलाके में स्थित आवास का ताला तोड़कर बदमाश घर के अंदर दाखिल हुए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चोर अलमारी में रखी नकदी और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। पुलिस अधिकारी के घर में हुई इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

20 लाख रुपए नकद और करीब 50 तोला सोना चोरी

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10 बजे बदमाशों ने ट्रैफिक एसीपी विजय दुबे के आवास में चोरी की। चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर रखी अलमारी को निशाना बनाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अलमारी में करीब 20 लाख रुपए नकद रखे थे। इसके अलावा लगभग 50 तोला सोना और चांदी के अन्य कीमती जेवरात भी चोरी होने की बात सामने आई है। पुलिस अब चोरी हुए सामान और रकम का सत्यापन कर रही है।

घटना के बाद मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम

वारदात की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मकान के अंदर और आसपास से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने घर में घुसने और बाहर निकलने के रास्तों की भी जांच की। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।

कोलार में लगातार चोरी से बढ़ी चिंता

इस वारदात के बाद कोलार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं। कुछ मामलों में अब तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारियों के घर में चोरी की घटना ने इन सवालों को और गंभीर बना दिया है। रहवासियों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

पहले भी भाजपा नेत्री के घर हो चुकी है चोरी

पुलिस के सामने पुराने चोरी के मामलों को सुलझाने की चुनौती भी बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, कोलार क्षेत्र में इससे पहले एक भाजपा नेत्री के घर भी चोरी हुई थी। उस मामले का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। इसके अलावा कजलीखेड़ा इलाके में चोरी की दो अन्य घटनाओं में भी पुलिस को अब तक आरोपियों का सुराग नहीं मिला है।

CCTV फुटेज और पुराने मामलों पर भी नजर

फिलहाल कोलार पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और वे किस रास्ते से आए और फरार हुए। पुलिस पुराने चोरी के मामलों से भी कड़ियां जोड़ रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही चोरी की पूरी रकम और जेवरात के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।