Police Custodial Death : पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप, पुलिस बोली- मिर्गी का दौरा पड़ा
Police Custodial Death : परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव कर दिया है, जबकि पुलिस का कहना है कि उसे मिर्गी का दौरा पड़ा था।
Janjgir Champa Custodial Death : छत्तीसगढ़। जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस कस्टडी में 30 साल के युवक की मौत का मामला सामने आया है। घटना चांपा थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस के रूप में हुई है। युवक को पुलिस ने बुधवार दोपहर हिरासत में लिया था। इसके बाद रात में उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

20 लीटर शराब रखने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, चांपा थाने के एक ट्रेनी सब इंस्पेक्टर और दो आरक्षकों ने शिव सहिस को उसके घर से पकड़ा था। पुलिस ने उस पर 20 लीटर देशी शराब रखने का आरोप लगाया था। हिरासत में लिए जाने के कुछ घंटे बाद रात करीब 10 बजे थाने में उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके बाद पुलिस उसे इलाज के लिए बीडीएम अस्पताल लेकर गई।

जांजगीर जिला अस्पताल में हुई मौत
बीडीएम अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद शिव को गुरुवार सुबह करीब 6 बजे जांजगीर जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग चांपा थाने पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव करते हुए पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई।

परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर शिव के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि हिरासत के दौरान युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। दूसरी ओर, पुलिस ने इन आरोपों से अलग दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, शिव को मिर्गी का दौरा पड़ा था और उसकी हालत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से सामने आएगी मौत की वजह
फिलहाल युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जांजगीर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों और परिस्थितियों को लेकर स्थिति साफ होने की उम्मीद है। मामले की जांच जारी है। तनाव को देखते हुए चांपा थाने में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

