Bihar Flood Alert : बिहार के 14 जिलों में हाहाकार, 5000 स्कूल बंद; बाराबंकी में बह गए घर
Bihar Flood Alert : गंगा, कोसी और गंडक के जलस्तर में बढ़ोतरी से कई इलाकों में पानी भर गया है। बाढ़ के कारण 5 हजार से ज्यादा स्कूल बंद किए गए हैं।
Bihar Flood Alert : बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पटना, मुंगेर और भागलपुर समेत 14 जिलों में करीब 43 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। पिछले पांच दिनों से हो रही तेज बारिश के बाद कई नदियां उफान पर हैं। गंगा, कोसी और गंडक के जलस्तर में बढ़ोतरी से कई इलाकों में पानी भर गया है। बाढ़ के कारण 5 हजार से ज्यादा स्कूल बंद किए गए हैं।
500 से ज्यादा श्मशान घाट डूबे
नदियों का पानी बढ़ने से उनके किनारे बने 500 से ज्यादा श्मशान घाट भी जलमग्न हो गए हैं। इससे प्रभावित इलाकों में अंतिम संस्कार करने में लोगों को परेशानी हो रही है। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार 14 जिलों के 84 प्रखंडों की 514 ग्राम पंचायतें बाढ़ से प्रभावित हैं। कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
यूपी के 26 जिलों में बाढ़, 4 लाख प्रभावित
उत्तर प्रदेश में भी लगातार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। राज्य के 26 जिलों में करीब 4 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं। बरेली में रामगंगा नदी के बढ़े जलस्तर के कारण एक प्राचीन मंदिर नदी में समा गया। बाराबंकी में सरयू नदी का पानी कई इलाकों में पहुंच गया। यहां करीब 12 मकानों के डूबने की जानकारी सामने आई है।
ओडिशा में रेड अलर्ट, कई राज्यों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने ओडिशा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्र, असम, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा समेत कई राज्यों में येलो अलर्ट है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
गुजरात में 12 सितंबर से भारी बारिश का अनुमान
गुजरात में मौसम विभाग ने 12 सितंबर से भारी बारिश की संभावना जताई है। वडोदरा समेत दक्षिण गुजरात के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। नवसारी, वलसाड और डांग में 13 सितंबर से भारी बारिश का अलर्ट है। लंबे समय के ब्रेक के बाद बारिश की संभावना से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तराखंड में कई जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। हरिद्वार, पौड़ी और उत्तरकाशी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई जगह गरज के साथ बौछारें पड़ने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
मध्य प्रदेश में फिलहाल तेज बारिश पर ब्रेक
मध्य प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम सिस्टम नहीं है। इसके चलते तेज बारिश का दौर थम गया है। बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप रही। गुरुवार को भी मौसम के इसी तरह रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन फिलहाल तेज बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

