नागपुर SBI में कर्मचारियों पर मिर्च पाउडर से हमला, 4.53 लाख लेकर भागा आरोपी, कुछ ही देर में गिरफ्तार
नागपुर के SBI में ATM में कैश भरने पहुंचे कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर आरोपी 4.53 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस ने कुछ ही देर में आरोपी को गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद कर ली। घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है।
नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में SBI शाखा से जुड़ी एक हैरान करने वाली लूट की घटना सामने आई है। गुरुवार शाम एक आरोपी ने बैंक कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर 4 लाख 53 हजार रुपये से भरा कैश बैग छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने कुछ ही देर में उसे पकड़ लिया और पूरी रकम बरामद कर ली।
ATM में कैश भरने पहुंचे थे कर्मचारी
जानकारी के मुताबिक, बैंक का कामकाज खत्म होने के बाद कर्मचारी शाखा से लगे ATM में नकदी भरने पहुंचे थे। कर्मचारी कैश बैग लेकर ATM में पहुंचे ही थे कि आरोपी ने अचानक उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। मिर्च पाउडर आंखों में जाने से कर्मचारियों को कुछ क्षण के लिए दिखाई देना मुश्किल हो गया। इसी दौरान आरोपी ने 4.53 लाख रुपये से भरा बैग छीना और मौके से भाग निकला।
शोर मचाने पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
बैग लेकर भाग रहे आरोपी के बाद बैंक कर्मचारियों ने शोर मचाया और उसका पीछा किया। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी को कुछ दूरी पर पकड़ लिया गया। उसके पास से लूटी गई पूरी 4.53 लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सूरज बोरकर, निवासी तातोली, भिवापुर तहसील, नागपुर ग्रामीण के रूप में हुई है।
CCTV में कैद हुई वारदात
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी चेहरे पर कपड़ा बांधे नजर आता है। फुटेज में वह बैंक परिसर में पहुंचकर कर्मचारियों पर मिर्च पाउडर डालता और फिर नकदी वाला बैग लेकर भागता दिखाई दे रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
पहले से बनाई थी लूट की योजना?
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका है कि आरोपी को ATM में नकदी भरने के समय की जानकारी पहले से थी। इसी वजह से उसके द्वारा पहले से निगरानी किए जाने की संभावना की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को नकदी भरने की जानकारी कैसे मिली और क्या इस वारदात में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। मामले में आगे की जांच जारी है।

