फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट टर्बुलेंस में फंसी, 12 यात्री और क्रू मेंबर घायल

फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। विमान में सवार 12 यात्री और क्रू मेंबर घायल हुए। पायलट ने विमान को सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार दिया।

फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट टर्बुलेंस में फंसी, 12 यात्री और क्रू मेंबर घायल

नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान तेज टर्बुलेंस (हवा के तेज झटकों) की चपेट में आ गई। अचानक आए झटकों से विमान जोर-जोर से हिलने लगा और कुछ देर के लिए तेजी से नीचे आने लगा। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।

समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, इस घटना में 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें यात्री और क्रू मेंबर दोनों शामिल हैं। सभी घायलों को दिल्ली एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में जांच और इलाज के लिए भेजा गया।

एयर इंडिया ने अपने शुरुआती बयान में कहा था कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। एयरलाइन ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

विमान के अंदर हुए नुकसान की तस्वीरें आईं सामने

घटना के बाद विमान के अंदर की तस्वीरें भी सामने आई हैं। तस्वीरों में विमान की छत (सीलिंग) के कुछ पैनल टूटे और दरार पड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि टर्बुलेंस कितना तेज था। फिलहाल एयर इंडिया और संबंधित विमानन अधिकारी घटना के कारणों की जांच में जुटे हैं।