1 सितंबर से महंगाई का असर: LPG सिलेंडर, Tata-Hyundai की कारें और मुंबई में दूध महंगा, जानें क्या-क्या बदला
1 सितंबर 2026 से कमर्शियल LPG सिलेंडर 9.50 रुपए महंगा हो गया है। Tata की कारें 25 हजार तक और मुंबई में दूध 9 रुपए लीटर महंगा हुआ। जानें Hyundai समेत सभी बदलाव।
सितंबर की शुरुआत आम लोगों की जेब पर असर डालने वाले कई बदलावों के साथ हुई है. 19 किलो वाला कमर्शियल LPG सिलेंडर 9.50 रुपए महंगा हो गया है. वहीं Tata की कारें और SUV 25 हजार रुपए तक महंगी हुई हैं. Hyundai ने भी अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी की है. इसके अलावा मुंबई में खुले भैंस के दूध का भाव 9 रुपए बढ़कर 102 रुपए प्रति लीटर हो गया है.
कमर्शियल LPG सिलेंडर 9.50 रुपए महंगा
तेल कंपनियों ने 1 सितंबर से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 9.50 रुपए की बढ़ोतरी की है. दिल्ली में अब यह सिलेंडर 2,747.50 रुपए का हो गया है. मुंबई में कीमत 2,701 रुपए, कोलकाता में 2,982 रुपए और चेन्नई में 2,916.50 रुपए हो गई है.
हालांकि राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में बदलाव नहीं किया गया है. 5 किलो वाले नॉन-डोमेस्टिक सिलेंडर की कीमत में भी 2 रुपए की बढ़ोतरी हुई है. कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और दूसरे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में होता है. ऐसे में इसकी कीमत बढ़ने का असर कारोबार की लागत और खाने-पीने की कीमतों पर पड़ सकता है.
Tata की कारें 25 हजार रुपए तक महंगी
अगर आप नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो बजट बढ़ाना पड़ सकता है. Tata Motors ने 1 सितंबर से अपनी कारों और SUV की कीमतों में 25 हजार तक की बढ़ोतरी की है. यह बढ़ोतरी पेट्रोल-डीजल यानी ICE मॉडल के साथ-साथ इलेक्ट्रिक कारों पर भी लागू है. हालांकि सभी कारों पर 25 हजार रुपए की समान बढ़ोतरी नहीं हुई है. कीमत में बदलाव मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग है. कंपनी ने कीमत बढ़ाने के पीछे बढ़ती इनपुट कॉस्ट और महंगाई के दबाव को वजह बताया है. यह 2026 में Tata की पैसेंजर व्हीकल्स की कीमतों में तीसरी बढ़ोतरी है.
Hyundai की गाड़ियां भी महंगी
Tata के साथ Hyundai ने भी 1 सितंबर से अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी की है. कंपनी ने इस साल तीसरी बार कीमतों में बदलाव किया है। मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से नई कीमतें अलग-अलग होंगी.
मुंबई में दूध 9 रुपए महंगा
मुंबई में भी 1 सितंबर से खुले भैंस के दूध के दाम बढ़ गए हैं. थोक कीमत 93 रुपए से बढ़कर 102 रुपए प्रति लीटर हो गई है। यानी सीधे 9 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है. यह बढ़ोतरी फिलहाल तबेले से मिलने वाले खुले भैंस के दूध पर लागू है. पैकेट वाले दूध के ब्रांड्स की कीमतों में इस बदलाव के तहत तत्काल बढ़ोतरी की घोषणा नहीं हुई है.
LPG e-KYC भी जरूरी
LPG ग्राहकों के लिए e-KYC भी अहम है। 31 अगस्त तक e-KYC कराने की समयसीमा बताई गई थी. जिन ग्राहकों ने इसे पूरा नहीं किया है, उन्हें गैस बुकिंग या सब्सिडी से जुड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे ग्राहक अपनी गैस कंपनी से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं.
एक नजर में क्या-क्या महंगा हुआ?
- कमर्शियल LPG: 9.50 रुपए महंगा
- Tata कार/SUV: 25 हजार रुपए तक महंगी
- Hyundai कारें: कीमतों में बढ़ोतरी
- मुंबई का खुला भैंस का दूध: 9 रुपए बढ़कर 102 रुपए लीटर
- 5 किलो नॉन-डोमेस्टिक LPG: 2 रुपए महंगा
- घरेलू 14.2 किलो LPG: कीमत स्थिर
यानी सितंबर के पहले ही दिन गैस, कार और दूध पर महंगाई का असर देखने को मिला है. वहीं घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत स्थिर रहने से आम घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है.

