सतना में सूने मकान में चोरी का खुलासा, 16.50 लाख के जेवरात के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

सतना पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 16.50 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए।

सतना में सूने मकान में चोरी का खुलासा, 16.50 लाख के जेवरात के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के सतना में सिटी कोतवाली पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर करीब 16 लाख 50 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।

एएसपी सिटी आईपीएस गौरव पांडेय ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नजीराबाद बैरिस्टर बारातघर के पास रहने वाले अकील मोहम्मद 31 जुलाई की दोपहर अपने घर में ताला लगाकर पत्नी के साथ ससुराल गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और आलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे जेवरात और नकदी चोरी कर ली।

शनिवार को पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा तो अकील मोहम्मद को सूचना दी। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रवीन्द्र द्विवेदी पुलिस टीम, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और साइबर सेल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से दो संदिग्धों की पहचान की गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मो. अरमान, निवासी नजीराबाद गली नंबर 13, और मो. हम्माद, निवासी नूरी नगर नजीराबाद गली नंबर 7, को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मो. अरमान के कब्जे से करीब 8 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए, जबकि मो. हम्माद की निशानदेही पर करीब 8 लाख 50 हजार रुपए मूल्य के जेवरात जब्त किए गए। कुल मिलाकर पुलिस ने 16 लाख 50 हजार रुपए के जेवरात बरामद किए हैं।

इस कार्रवाई में एसआई राजकुमार मिश्रा, एएसआई दीपेश पटेल, एएसआई दशरथ सिंह, प्रधान आरक्षक चीतेन्द्र पांडेय, सतेन्द्र सिंह तथा आरक्षक निर्भय सिंह, लवकुश द्विवेदी, देवेश तिवारी और बृजेश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।