DUSU Election Results 2026 : ABVP के यश डबास बने अध्यक्ष, दीपांशु शोकीन उपाध्यक्ष; NSUI का सूपड़ा साफ

DUSU Election Results 2026 : दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव मेंABVP ने प्रेसिडेंट, सेक्रेटरी और जॉइंट सेक्रेटरी के पद जीते; निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शोकीन ने वाइस-प्रेसिडेंट का पद जीता।

DUSU Election Results 2026 : ABVP के यश डबास बने अध्यक्ष, दीपांशु शोकीन उपाध्यक्ष; NSUI का सूपड़ा साफ

DUSU Election Results 2026 : नई दिल्लीदिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मुख्य चार पदों में से तीन पर जीत दर्ज की है। अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास ने NSUI के विजय शंकर मीणा को कड़े मुकाबले में हराया। इसके अलावा सचिव और संयुक्त सचिव पद पर भी ABVP उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। वहीं, उपाध्यक्ष पद निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शोकीन के खाते में गया।

अध्यक्ष पद पर यश डबास की जीत

DUSU के सबसे प्रमुख अध्यक्ष पद पर यश डबास ने जीत दर्ज की। यश डबास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टेनिस खेल चुके हैं और स्पेन, ऑस्ट्रेलिया और सर्बिया में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने कैंपस लॉ सेंटर से वकालत की पढ़ाई की है और फिलहाल बुद्धिस्ट स्टडीज में मास्टर्स कर रहे हैं।

महिला सुरक्षा और हॉस्टल सुविधाएं एजेंडे में

चुनाव प्रचार के दौरान यश डबास ने महिला सुरक्षा, पिंक बूथ, वामिका वैन और हॉस्टल सुविधाओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। वहीं, चुनाव में ABVP और NSUI के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला। निर्दलीय और अन्य छात्र संगठनों के उम्मीदवारों ने भी चुनाव में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

कौन हैं यश डबास?

यश डबास ABVP की ओर से DUSU अध्यक्ष पद के उम्मीदवार थे। वह दिल्ली के कंझावला इलाके से आते हैं और चुनाव में बैलेट नंबर 7 पर मैदान में थे। अध्यक्ष पद पर उनका मुकाबला NSUI के विजय शंकर मीणा से था। चुनाव प्रचार के दौरान डबास ने कैंपस से जुड़े कई मुद्दों को उठाया और छात्रों की सुविधाओं में सुधार की बात कही। चुनाव परिणाम में उन्हें 22,434 वोट मिले।

किस पद पर किस उम्मीदवार की जीत?

DUSU चुनाव में अध्यक्ष पद पर यश डबास ने 22,434 वोट हासिल किए। उपाध्यक्ष पद पर दीपांशु शौकीन को 28,873 वोट मिले। सचिव पद पर रिया छावड़ी ने 19,846 वोट हासिल किए, जबकि संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह को 14,965 वोट मिले।

2026 में 40.46 प्रतिशत मतदान

DUSU चुनाव में इस बार 40.46 प्रतिशत मतदान हुआ। 2025 में मतदान प्रतिशत 39.45 और 2024 में 29.7 प्रतिशत था। इस तरह 2026 में 2024 की तुलना में मतदान प्रतिशत में 10.76 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मतदान के दौरान फर्स्ट ईयर के छात्रों की भागीदारी भी अधिक रही।

EVM के साथ बैलेट पेपर का इस्तेमाल

DUSU चुनाव की मतगणना शनिवार सुबह 8 बजे शुरू हुई। काउंटिंग सेंटर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के लिए 2 हजार से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती की गई। इस बार EVM के साथ बैलेट पेपर से भी मतदान कराया गया। दिल्ली विश्वविद्यालय के 10 कॉलेजों में बैलेट पेपर का इस्तेमाल हुआ, जबकि अन्य मतदान केंद्रों पर EVM से वोट डाले गए।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद कड़ी सुरक्षा

चुनाव और मतगणना के दौरान दिल्ली यूनिवर्सिटी कैंपस में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। अलग-अलग स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई और वैध पहचान पत्र के बिना छात्रों को प्रवेश नहीं दिया गया। दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत विजय जुलूस पर भी रोक रही।

इससे पहले चुनाव के दौरान शक्ति प्रदर्शन, बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियों और नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों पर हाईकोर्ट ने सवाल उठाए थे। अदालत ने दिल्ली पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद नियमों के उल्लंघन को लेकर जवाब मांगा था।