चक्रवात से ओडिशा में भारी बारिश, 8 हजार लोग शिफ्ट

चक्रवात से ओडिशा में भारी बारिश, 8 हजार लोग शिफ्ट MP-बिहार और यूपी में अलर्ट, राजस्थान में सितंबर में गर्मी का 15 साल का रिकॉर्ड टूटा

चक्रवात से ओडिशा में भारी बारिश, 8 हजार लोग शिफ्ट

बंगाल की खाड़ी से उठा साइक्लोन अर्नब अब कमजोर पड़ गया है। इसके कारण ओडिशा में भारी बारिश के साथ अचानक बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है। 24 सितंबर दोपहर तक 8,082 लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया। चक्रवात से 9 राज्य प्रभावित हैं।

अगले 24 घंटे में छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में अति भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश में स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। जबलपुर समेत 13 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 16 जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। बिहार में आज 19 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। हरियाणा में भी यमुनानगर, करनाल और पानीपत समेत 6 जिलों में बारिश होने की संभावना है।

वहीं, यूपी में एक बार फिर मानसून एक्टिव हो गया है। आज सुबह से लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, वाराणसी, प्रयागराज और जौनपुर समेत 20 शहरों में बारिश का दौर जारी है। लखनऊ में गुरुवार शाम से तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है।

उधर, राजस्थान में लगातार दूसरे दिन भी गर्मी रही। गुरुवार को बाड़मेर में 43.6° और जैसलमेर में 43.2° सेल्सियस टेम्परेचर रिकॉर्ड किया गया। यह राजस्थान में सितंबर में 15 साल में सबसे ज्यादा तापमान है। जोधपुर, चूरू और बीकानेर में भी तापमान 40° सेल्सियस से ऊपर रहा।