वेनेजुएला भूकंप में अब तक 235 की मौत 4300 से ज्यादा घायल

वेनेजुएला भूकंप में अब तक 235 की मौत 4300 से ज्यादा घायल  सरकार ने कहा 39,000 लोग लापता, मलबे के नीचे से आवाजें आ रहीं

वेनेजुएला भूकंप में अब तक 235 की मौत 4300 से ज्यादा घायल

दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए दो भूकंप में अब तक 235 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। जबकि 4300 से ज्यादा लोग घायल हैं। 25 जून को साल 1821 के काराबोबो युद्ध की याद में राष्ट्रीय अवकाश था। इसलिए ज्यादातर लोग घरों में थे और फीफा वर्ल्ड कप मैच देख रहे थे। इससे मलबे में दबने वालों की संख्या ज्यादा होने की आशंका है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मलबे के अंदर से आवाजें आ रहीं हैं। सरकार ने देर रात बताया कि 39 हजार से ज्यादा लोग लापता हैं। भूकंप की भयावहता की असल तस्वीर अभी आना बाकी है। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक भूकंप से 10 हजार से ज्यादा लोगों के मारे जाने की 44% आशंका है। वहीं, एक लाख लोगों के जान गंवाने की 30% आशंका है। इस आपदा से वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था को 9.5 लाख करोड़ रुपए के नुकसान का आकलन है। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने आपातकाल लगा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोड्रिग्ज से बात कर मदद की पेशकश की है।

भूकंप से जुड़ी कुछ तस्वीरें

भूकंप आने के बाद बिल्डिंग मलबे के ढेर में बदल गई

बिल्डिंग का एक हिस्सा ढह जाने से कमरे के अंदर का सामान बाहर दिखने लगा

भूकंप के चलते सड़क पर करीब दो फीट की दरारें आ गईं

मलबे में अपनों को खोजने की तलाश में एक ढेर के ऊपर बैठा शख्स  

वेनेजुएला के ला गुआइरा में भीषण भूकंप के बाद गाड़ी के भीतर बैठा घायल और पीड़ित 

 दो बड़े भूकंप और उसके बाद आए कई आफ्टर शॉक से सबसे ज्यादा तबाही ला गुआइरा राज्य में हुई

अमेरिका ने वेनेजुएला में मदद भेजी

अमेरिका ने वेनेजुएला में शुरुआती मदद भेज दी है। ये सहायता अमेरिकी सदर्न कमांड ने भेजी है। अमेरिकी सदर्न कमांड दक्षिण अमेरिका और कैरिबियाई देशों की जिम्मेदारी संभालती है। सदर्न कमांड ने बताया, 'ट्रांसपोर्ट शिप USS फोर्ट लॉडरडेल और लड़ाकू जहाज USS बिलिंग्स के जरिए मदद भेजी गई है।' साथ ही अमेरिका, वेनेजुएला में रेस्क्यू टीमें, मेडिकल और मानवीय सहायता भी पहुंचा रहा है।

वेनेजुएलाई शहर ला गुआइरा में करीब 250 बिल्डिंग्स गिरीं

वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के प्रेसिडेंट जॉर्ज रोड्रिग्ज ने बताया कि ला गुआइरा में 250 इमारतों को या तो नुकसान पहुंचा या वे खत्म हो गईं। बीबीसी ने बताया कि यहां एक 10 मंजिल की इमारत मलबे में तब्दील हो गई।

घायलों की संख्या बढ़कर 4,300 हुई

वेनेजुएला भूकंप में घायलों की संख्या बढ़कर 4,300 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सबसे ज्यादा प्रभावित उत्तरी तटीय राज्य ला गुआइरा में बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाकों के अस्पताल मरीजों से भर चुके हैं। इसी वजह से सरकार ने फील्ड हॉस्पिटल शुरू किए हैं, ताकि घायलों का तुरंत इलाज किया जा सके। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। बचाव दल मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहे हैं, जबकि अस्पतालों और फील्ड हॉस्पिटल में घायलों का इलाज चल रहा है।

ट्रम्प बोले- हमने वेनेजुएला की स्थिति संभाल ली

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि हमने एक दिन से भी कम समय में वेनेज़ुएला की स्थिति संभाल ली। वहां से तेल आ रहा है और हमारे उनके साथ अच्छे संबंध हैं। हम उनकी मदद करेंगे। हमने वह काम कर दिखाया। इससे पहले अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा था कि हम वेनेजुएला को 150 मिलियन डॉलर यानी करीब 1400 करोड़ रुपए की मदद देंगे। साथ ही अमेरिकी रक्षा मंत्रालय वेनेजुएला को एयरक्राफ्ट देगा, ताकि घायल लोगों को सहायता मिल सके।

वेनेजुएला को 35 लाख डॉलर की राहत सहायता देगा कनाडा

कनाडा ने वेनेजुएला को मानवीय सहायता के तौर पर 35 लाख डॉलर देने का ऐलान किया है। कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने कहा कि यह मदद सबसे ज्यादा प्रभावित लोगों तक जरूरी राहत पहुंचाने के लिए दी जा रही है। इस राशि का इस्तेमाल आपातकालीन भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य जीवनरक्षक जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला में भूकंप से हुई तबाही दिल तोड़ने वाली है। कनाडा इस मुश्किल समय में प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है।

भूकंप में मरने वालों की संख्या 235 हुई

वेनेजुएला में आए भूकंपों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 235 हो गई है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। राहत और बचाव दल अब भी मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, मलबा हटने और प्रभावित इलाकों तक राहत टीमों के पहुंचने के साथ मृतकों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। कई लोग अब भी लापता हैं। प्रभावित क्षेत्रों में सेना, राहत एजेंसियां और अंतरराष्ट्रीय रेस्क्यू टीमें संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रही हैं। घायलों का अस्पतालों में इलाज जारी है और क्षतिग्रस्त इमारतों की तलाशी ली जा रही है।

कराकस एयरपोर्ट बंद होने से राहत पहुंचाने में दिक्कत

वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद अमेरिका में रह रहे वेनेजुएला मूल के लोग पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं। वे दवाइयां, पानी, पैसे और अन्य जरूरी सामान जुटा रहे हैं, लेकिन राजधानी कराकस का मुख्य हवाई अड्डा क्षतिग्रस्त होने के कारण राहत सामग्री भेजने में मुश्किल आ रही है।

वेनेजुएला में 1900 के बाद सबसे बड़ा भूकंप

वेनेजुएला या उसके आसपास के तटीय क्षेत्र में 7.5 तीव्रता वाला भूकंप पिछले 100 से अधिक साल में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप है। इससे पहले वर्ष 1900 में 7.7 तीव्रता का सैन नार्सिसो भूकंप आया था। उसका केंद्र भी कैरेबियाई तट के पास था। उस भूकंप में कराकस की कई चर्च, सरकारी इमारतें और घर क्षतिग्रस्त हो गए थे। USGS के अनुसार उसमें 21 लोगों की मौत और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। उस समय द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया था कि करीब 300 इमारतें ढह गई थीं और बड़ी संख्या में लोगों को लंबे समय तक तंबुओं में रहना पड़ा था।

वेनेजुएला में भूकंप आने की वजह

वेनेज़ुएला उस इलाके में स्थित हैं, जहां भूकंप का खतरा सबसे ज्यादा रहता है। यहां दो टेक्टोनिक प्लेटें हैं- कैरीबियन प्लेट और साउथ अमेरिकन प्लेट। यहां दोनों प्लेटें आपस में मिलती हैं। USGS के अनुसार, दो भूकंपों में दूसरा और ज्यादा ताकतवर झटका इन प्लेटों की सीमा के पास हलचल के कारण आया। प्लेटों के बीच मौजूद फॉल्ट लाइन यानी दरारें हॉरिजॉन्टिली खिसकती हैं। जब यह खिसकना अचानक और तेज गति से होता है तो भूकंप आता है। आगे भी झटके आने की आशंका है, जिनमें कुछ झटके काफी तेज हो सकते हैं।