UGC-NET परीक्षा रद्द ! राहुल गांधी का मोदी पर तीखा हमला,बोले- मोदी जी देखिए क्या किया NTA ने
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। इन विषयों की दोबारा परीक्षा सितंबर में होगी।
NET Exam Cancelled : नई दिल्ली। UGC NET जून 2026 की परीक्षा से जुड़ा विवाद बढ़ गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। इन विषयों की दोबारा परीक्षा सितंबर में होगी। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार और NTA पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गलती NTA की होती है, लेकिन इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ता है।
राहुल गांधी ने उठाए सवाल
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि 22 से 30 जून के बीच हुई UGC NET परीक्षाओं को करीब दो महीने बाद रद्द किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर में गलत सवाल और पुराने प्रश्न दोहराए गए थे। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि क्या ये प्रश्नपत्र पहले ही लीक हो गए थे। हालांकि, पेपर लीक होने के आरोप की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
Modi ji, look at what your NTA has just done.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 17, 2026
UGC-NET exams for Sociology, English and Commerce were held between 22 and 30 June. Nearly two months later, NTA has cancelled all three because it set faulty papers and repeated old questions.
Thousands of candidates who prepared… https://t.co/TUMhhMhjvL
‘शिक्षा व्यवस्था एक्सट्रैक्शन मशीन बन गई’
राहुल गांधी ने कहा कि वह कोटा, देहरादून और प्रयागराज में कही अपनी बात को दोहराना चाहते हैं। उनके मुताबिक, देश की शिक्षा व्यवस्था अब छात्रों के लिए एक ‘एक्सट्रैक्शन मशीन’ बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह व्यवस्था छात्रों से पैसा, समय, मानसिक शांति और आत्मविश्वास छीन रही है। इसके बावजूद छात्रों को रोजगार की गारंटी नहीं मिलती।
NTA और सरकार की जवाबदेही पर सवाल
कांग्रेस नेता ने NTA और केंद्र सरकार की जवाबदेही पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दूसरे संस्थानों की तरह NTA भी अपनी गलतियों की जिम्मेदारी नहीं लेता। राहुल गांधी ने कहा कि तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा पहला कदम था, लेकिन आखिरी नहीं। उन्होंने NTA के नेतृत्व की भी जवाबदेही तय करने की मांग की।
???? UGC-NET June 2026 | Important Notice
— National Testing Agency (@NTA_Exams) August 16, 2026
NTA had received several complaints about multiple errors in the papers of English, Commerce and Sociology. NTA formed a committee to enquire into and look into these errors and as per the recommendation of the committee, NTA will… pic.twitter.com/oejnlRSe0c
सितंबर में दोबारा होगी परीक्षा
NTA के नोटिस के मुताबिक, तीनों विषयों की परीक्षा सितंबर में दोबारा कराई जाएगी। इंग्लिश की परीक्षा 9 सितंबर को शिफ्ट-1 में होगी। कॉमर्स का पेपर 9 सितंबर को शिफ्ट-2 में आयोजित किया जाएगा। वहीं, सोशियोलॉजी की परीक्षा 10 सितंबर को शिफ्ट-1 में होगी। एजेंसी के अनुसार, इन विषयों के प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, अनुवाद और टाइपिंग से जुड़ी गंभीर गलतियां मिली थीं।
छात्रों से दोबारा फीस नहीं ली जाएगी
NTA ने छात्रों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि री-एग्जाम के लिए उनसे कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। एजेंसी ने यह भी कहा है कि सीटों की संख्या में कोई कटौती नहीं होगी। बाकी 84 विषयों की परीक्षा के नतीजे तय कार्यक्रम के अनुसार घोषित किए जाएंगे।
छात्रों के समर्थन में राहुल गांधी
राहुल गांधी ने सितंबर में दोबारा परीक्षा देने वाले छात्रों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि गलती छात्रों की नहीं है। उनके मुताबिक, छात्रों को ऐसी व्यवस्था का नुकसान उठाना पड़ रहा है, जो परीक्षा प्रक्रिया को ठीक से संचालित करने में भी सक्षम नहीं है। इस पूरे मामले ने एक बार फिर देश में प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता और NTA की कार्यप्रणाली पर बहस तेज कर दी है।

