खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई: इंदौर में Romeo Lane का किचन बंद, बिना लाइसेंस बन रहे मोमोज पर भी रोक
Romeo Lane के किचन में मिलीं कई अनियमितताएं, खाद्य निर्माण कराया बंद, Goswami Momos पर भी कार्रवाई, सैंपल जांच के लिए भेजे
Indore। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने इंदौर में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो जगहों पर निर्माण कार्य बंद कराया है। पहली कार्रवाई Trinity Hospitality यानी Romeo Lane, High Street Apollo, AB Road, Nipania स्थित किचन में की गई। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई अनियमितताएं मिलीं।

वहीं, शिकायत के आधार पर Goswami Momos, Khatiwala Tank की Bairathi Colony में भी जांच की गई, जहां बिना वैध लाइसेंस मोमोज बनाने और दूसरे विक्रेताओं को सप्लाई करने का मामला सामने आया।
किचन में वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थ साथ रखे मिले
खाद्य सुरक्षा टीम ने Trinity Hospitality के किचन का निरीक्षण किया। इस दौरान फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। खाद्य पदार्थों की टैगिंग भी सही तरीके से नहीं की गई थी। जांच में खसखस और मशरूम पुराने और कीटग्रस्त पाए गए। इन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।

निरीक्षण के दौरान किचन में पानी की जांच रिपोर्ट और खाद्य कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं मिले। खाद्य पदार्थों के भंडारण में FIFO और FEFO व्यवस्था का पालन भी नहीं पाया गया।
5 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए
टीम ने Trinity Hospitality के किचन से पनीर, दही, मूंगफली दाना, खड़ा धनिया और ग्लास वर्मीसेली के पांच सैंपल लिए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए State Food Testing Laboratory, Bhopal भेजा जा रहा है।

जांच के दौरान परिसर का खाद्य लाइसेंस भी समाप्त मिला। इसके बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने किचन में खाद्य पदार्थों के निर्माण का काम तत्काल बंद करा दिया। निर्माण कार्य दस्तावेज और जांच रिपोर्ट मिलने तक स्थगित रहेगा।
बिना लाइसेंस बन रहे थे मोमोज
शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने Goswami Momos, Bairathi Colony, Khatiwala Tank का भी निरीक्षण किया। यहां मौके पर मोमोज तैयार कर बेचे जा रहे थे। साथ ही दूसरे मोमोज विक्रेताओं को भी सप्लाई किए जाने की जानकारी मिली।

निरीक्षण के दौरान विक्रेता Pankaj Giri के पास खाद्य पदार्थों के निर्माण के लिए वैध लाइसेंस नहीं मिला। निर्माण कक्ष के बाहर और बैक लाइन क्षेत्र में काफी गंदगी भी पाई गई। जरूरी दस्तावेज भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए।
पनीर और चीज मोमोज के सैंपल जांच के लिए भेजे
खाद्य सुरक्षा टीम ने Goswami Momos से पनीर मोमोज और चीज मोमोज के सैंपल लिए। दोनों नमूनों को जांच के लिए Bhopal भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने दोनों प्रतिष्ठानों में निर्माण कार्य दस्तावेज और जांच रिपोर्ट मिलने तक स्थगित कराया है।

Varsha Shrivastava 
