शाजापुर में 15 महीने बाद डकैती का खुलासा: चार आरोपी गिरफ्तार, दो आरोपी अभी भी फरार
शाजापुर में सिरोलिया रोड पर 15 महीने पहले किसान के घर हुई डकैती का पर्दाफाश, चार इनामी बदमाश पकड़े गए, 9.90 लाख कैश बरामद, कुल जब्ती करीब 12 लाख रुपये की, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से पुलिस को मिली सफलता
शाजापुर। सिरोलिया रोड निवासी किसान देवीलाल मालवीय के घर 5 जुलाई 2025 की रात हुई डकैती का पुलिस ने करीब 15 महीने बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस ने रूलकी कंजर डेरा से जुड़े चार आरोपियों जोगिंदर उर्फ भूरा, सावन, महेंद्र और विकास को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
मारपीट कर घर में घुसे थे बदमाश
वारदात के दौरान बदमाशों ने किसान के परिवार के साथ मारपीट की और अलमारी का ताला तोड़कर नगदी तथा सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए थे। परिवार ने करीब 20 लाख रुपये के नुकसान की बात कही थी। हालांकि, पुलिस रिकॉर्ड में 50 हजार रुपये की नगदी लूट दर्ज की गई थी। मामले के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे।
9.90 लाख रुपये नकद बरामद
पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय और एसडीओपी डॉ. नागेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 9 लाख 90 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार कुल जब्ती करीब 12 लाख रुपये की है।
दो आरोपी अभी फरार
पुलिस के मुताबिक, लूटे गए आभूषण भूपेन्द्र हाड़ा के जरिए बेचे गए थे, जिसकी अब मृत्यु हो चुकी है। आभूषणों की बिक्री से मिली रकम आरोपियों ने आपस में बांट ली थी। पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है, जिनके पास लूटे गए आभूषण पहुंचे। मामले में भूरिया और चेतन नाम के दो आरोपी अभी फरार हैं।
Varsha Shrivastava 
