हाथ में त्रिशूल, माथे पर त्रिपुंड… सोमनाथ मंदिर में शिवमय हुए प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान शनिवार को सोमनाथ पहुंचे, जहां उन्होंने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में भाग लिया

हाथ में त्रिशूल, माथे पर त्रिपुंड… सोमनाथ मंदिर में शिवमय हुए प्रधानमंत्री मोदी

गांधीनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान शनिवार को सोमनाथ पहुंचे, जहां उन्होंने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में भाग लिया। हेलीपैड पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने श्री सोमनाथ ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता भी की।

सोमनाथ मंदिर पहुंचकर पीएम मोदी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हुए। उन्होंने मंदिर में ओंकार मंत्र का जाप किया, जिससे पूरा वातावरण शिवभक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मंदिर परिसर में मौजूद रहे।

इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य ड्रोन शो रहा, जिसमें लगभग 3,000 ड्रोन के माध्यम से भगवान शिव, शिवलिंग, सोमनाथ मंदिर का 3D दृश्य और इसके गौरवशाली इतिहास को डिजिटल रूप में प्रस्तुत किया गया। यह किसी भी मंदिर परिसर में आयोजित देश का अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन शो माना जा रहा है।

इतिहास में कई बार आक्रमण और विनाश के प्रयासों के बावजूद सोमनाथ मंदिर आज भी भारतीय आस्था, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान का सशक्त प्रतीक बना हुआ है। इसके पुनर्निर्माण और संरक्षण में सामूहिक संकल्प और दृढ़ इच्छाशक्ति की अहम भूमिका रही है, जो आज भी इसकी भव्यता और गरिमा को दर्शाती है।