INDI Bloc Meeting Updates : 6 अक्टूबर को विपक्ष करेगा चुनाव आयोग का घेराव, खड़गे बोले - EC सरकार की कठपुतली
INDI Bloc Meeting Updates : राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने लोकतंत्र पर कब्जा करने का आरोप लगाया और कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
INDI Bloc Meeting Updates : नई दिल्ली। दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में बुधवार को INDIA ब्लॉक की आठवीं बैठक हुई। मीटिंग तीन घंटे चली। इसमें स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन, ईवीएम-वीवीपैट और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर चर्चा हुई। बैठक में 19 पार्टियां शामिल हुईं। इनके पास लोकसभा में 178 और राज्यसभा में 62 सांसद हैं। अरविंद केजरीवाल की आप, विजय की टीवीके और एमके स्टालिन की डीएमके बैठक में शामिल नहीं हुईं।
खड़गे ने लगाया वोट चोरी का आरोप
मीटिंग के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी-शाह ने चुनाव आयोग को कठपुतली बना दिया है। इसके जरिए वोट चोरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि वोट चोरी के खिलाफ विपक्ष 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में मार्च निकालेगा। 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग का घेराव करेंगे। उन्होंने आगामी चुनाव में बैलेट पेपर से वोटिंग कराने की मांग की।
राहुल गांधी और ममता बनर्जी के बयान
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा, अमित शाह, पीएम मोदी और ज्ञानेश कुमार लोकतंत्र पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने लोकतंत्र पर कब्जा करने का आरोप लगाया और कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ममता बनर्जी ने ज्ञानेश कुमार को चोर-डाकू बताया और उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने ईवीएम हैक और वोट चोरी के आरोप दोहराए।
छह कार्यक्रमों का ऐलान
बैठक में छह कार्यक्रम तय हुए। 2 से 8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर सेव डेमोक्रेसी मार्च निकाले जाएंगे। 6 अक्टूबर को विपक्षी सांसद चुनाव आयोग का घेराव करेंगे। अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में राष्ट्रपति से मुलाकात की जाएगी। पांच बड़ी रैलियां होंगी। एक नवंबर को दिल्ली में रैली होगी। सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों को जल्द निपटाने की अपील की जाएगी।
अन्य मांगें और आगे की रणनीति
विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, वोटर लिस्ट में पारदर्शिता, नाम हटाने से पहले नोटिस और अपील का मौका, SIR से पहले की सूची इस्तेमाल करने तथा ईवीएम की जगह बैलेट पेपर की मांग की। बैठक में अखिलेश यादव की जगह सपा के अन्य नेता शामिल हुए। राहुल गांधी, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव और उमर अब्दुल्ला समेत कई नेता मौजूद रहे। विपक्ष सड़क पर उतरने की तैयारी में है।

