न्यू OPD में निकला सांप: इंदौर के MY अस्पताल में मचा हड़कंप, खिड़की से आया था अंदर
इंदौर के MY अस्पताल की न्यू OPD में सांप घुसने से मचा हड़कंप, सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा; अधीक्षक ने दी सफाई
इंदौर के एमवाय अस्पताल की न्यू ओपीडी में सुबह सांप निकलने से हड़कंप मच गया। ओपीडी खुलने से पहले सफाई और अन्य व्यवस्थाओं के लिए पहुंचे सुरक्षाकर्मी ने खिड़की की तरफ से सांप को अंदर आते देखा। इसके बाद सांप काफी देर तक फर्श पर घूमता रहा। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल सांप को पकड़कर ओपीडी से बाहर कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
खिड़की से अंदर आया सांप
बताया गया कि घटना सुबह करीब 8 बजे की है। उस समय न्यू ओपीडी खुलने का समय नहीं हुआ था। सफाई और व्यवस्थाओं के लिए पहुंचे सुरक्षाकर्मी की नजर सांप पर पड़ी। सांप खिड़की की तरफ से अंदर आया था और कुछ देर तक ओपीडी के फर्श पर घूमता रहा। सुरक्षाकर्मियों ने सावधानी बरतते हुए उसे पकड़कर बाहर कर दिया।
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अस्पताल में इससे पहले भी जहरीले जीव-जंतु निकलने के मामले सामने आने की बात कही गई है। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
अधीक्षक ने बताया क्यों आया सांप
मामले पर एमवाय अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव ने सफाई दी। उन्होंने बताया कि न्यू ओपीडी में रोजाना शाम 3 बजे के बाद सफाई कर उसे बंद कर दिया जाता है। सुबह 7 से 8 बजे के बीच सुरक्षाकर्मी पहुंचे थे, तभी खिड़की से सांप को अंदर आते देखा गया।
डॉ. अशोक यादव के मुताबिक, गर्मी के मौसम में सरीसृप बाहर निकलते हैं। इसके अलावा अस्पताल परिसर में ग्रीन कैंपस और निर्माण कार्य भी चल रहा है। आसपास पेड़-पौधे और निर्माण स्थल होने के कारण ऐसे जीव-जंतुओं के आने की संभावना बनी रहती है। अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षाकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
Varsha Shrivastava 
