सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर रीवा और मऊगंज में निकली भव्य साइकिल रैली

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर रीवा और मऊगंज में पुलिस द्वारा भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और फिटनेस का संदेश दिया गया।

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर रीवा और मऊगंज में निकली भव्य साइकिल रैली
google

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के पावन अवसर पर रीवा और मऊगंज में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का अनूठा संगम देखने को मिला, जब पुलिस विभाग द्वारा भव्य साइकिल रैलियों का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से आयोजित इन रैलियों में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

रीवा में सुबह से ही स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में उत्साह और ऊर्जा का वातावरण था, जहां से साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान स्वयं इस रैली में शामिल हुए और उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सरदार पटेल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है, जिन्होंने देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया।

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से प्रारंभ हुई यह रैली सिरमौर चौराहा होते हुए कॉलेज चौराहा स्थित विवेकानंद पार्क पहुंची, जहां समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूरे मार्ग में पुलिस जवान अनुशासन और एकजुटता का संदेश देते नजर आए, वहीं राहगीरों ने भी तालियों के साथ इस पहल का स्वागत किया।

विवेकानंद पार्क में सभी अधिकारियों और जवानों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि सरदार पटेल का योगदान सदैव याद किया जाएगा और उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति तथा नेतृत्व क्षमता से नई पीढ़ी को सीख लेने की आवश्यकता है।

मऊगंज में भी साइकिल रैली का आयोजन

वहीं मऊगंज में भी सरदार पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली को पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस कार्यालय परिसर में सामूहिक ‘वंदे मातरम’ गायन के साथ हुई, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के उत्साह से भर गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह परिहार, एसडीओपी सचि पाठक, प्रभारी रक्षित निरीक्षक अमित विश्वकर्मा, यातायात प्रभारी नरेश प्रताप सिंह सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

रैली को रवाना करने से पूर्व पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरदार पटेल का व्यक्तित्व हमें विपरीत परिस्थितियों में भी अडिग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग का कर्तव्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए सदैव समर्पित रहना भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे सरदार पटेल के मूल्यों को अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में उतारें, ताकि समाज में एक सुरक्षित और संगठित वातावरण का निर्माण हो सके।

इस प्रकार रीवा और मऊगंज में आयोजित ये साइकिल रैलियां न केवल श्रद्धांजलि का माध्यम बनीं, बल्कि समाज को एकता, अनुशासन, फिटनेस और राष्ट्रभक्ति का प्रेरक संदेश भी देती नजर आईं।