2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कारों का ऐलान, मध्य प्रदेश की 4 हस्तियों को मिलेगा पद्मश्री सम्मान

भारत सरकार की ओर से दिए जाने वाले पद्म पुरुस्कारों की घोषणा। एक्टर धर्मेंद्र समेत 5 हस्तियों को पद्म विभूषण सम्मान। मध्य प्रदेश की चार हस्तियों को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा।

2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कारों का ऐलान, मध्य प्रदेश की 4 हस्तियों को मिलेगा पद्मश्री सम्मान

भारत सरकार ने गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले 25 जनवरी रविवार को 2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया। केंद्रीय गृह मंत्रालय के मुताबिक, साल 2026 के लिए 5 हस्तियों को पद्म विभूषण, 13 को पद्म भूषण और 113 को पद्मश्री सम्मान से नवाजा जाएगा। इनमें मध्य प्रदेश की 4 हस्तियां शामिल हैं। 

धर्मेंद्र को पद्म विभूषण, शिबु सोरेन को पद्म भूषण

दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र को पद्म विभूषण सम्मान दिया गया है। झारखंड के पूर्व सीएम दिवंगत नेता शिबु सोरेन और गायिका अलका याग्निक को पद्म भूषण सम्मान मिलेगा। वहीं, क्रिकेटर रोहित शर्मा, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार, महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर, हॉकी प्लेयर सविता पूनिया को पद्मश्री के लिए चुना गया है। पद्म पुरस्कार विजेताओं में से 19 महिलाएं हैं। इनमें 6 विदेशी/NRI/PIO/OCI कैटेगरी के लोग भी हैं। 16 हस्तियां ऐसी हैं, जिन्हें मरणोपरांत पुरस्कार दिए जा रहे हैं। 

एमपी की 4 हस्तियां होंगी पद्मश्री से सम्मानित

भोपाल के लेखक कैलाश चंद्र पंत, मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, सागर के मार्शल आर्ट कलाकार भगवानदास रैकवार और नारायण व्यास को पद्मश्री सम्मान दिया जाएगा। भगवानदास रैकवार को खेल, कैलाश चंद्र पंत को साहित्य एवं शिक्षा, मोहन नागर को समाज सेवा और नारायण व्यास को पुरातत्व क्षेत्र से समान के लिए चुना गया है।

3 श्रेणियों में दिया जाता है पद्म पुरस्कार

देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों- पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण में प्रदान किए जाते हैं। ये पुरस्कार कला, समाज सेवा, साइंस, इंजीनियरिंग, बिजनेस, इंडस्ट्री, चिकित्सा, साहित्य, शिक्षा, खेल और सिविल सेवा जैसे विविध क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए दिए जाते हैं।