मऊगंज: हाथ भट्टी महुआ शराब के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा
नईगढ़ी थाना पुलिस ने 18 लीटर शराब के साथ तीन कारोबारियों को किया गिरफ्तार
मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी।
अवैध शराब का कारोबार करने वालों पर नईगढ़ी थाना पुलिस ने शुक्रवार को ताबड़तोड़ कार्रवाई कर बड़ा धमाका कर दिया। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने अलग-अलग जगहों से तीन शराब तस्करों को दबोच लिया। तीनों के कब्जे से कुल 18 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब बरामद हुई है।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक गोविंद प्रसाद तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के तहत यह अभियान चलाया गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध कारोबारियों पर आगे भी इसी तरह निरंतर कार्यवाही जारी रहेगी।
पुलिस ने तीन अलग-अलग जगह की कार्रवाई
पहली कार्रवाई नईगढ़ी कस्बे के खड़ुई नदी के पास हुई। पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक को रोका। तलाशी में उसके झोले से 8 लीटर महुआ शराब निकली। पूछताछ में उसने अपना नाम दिनेश साकेत पिता छोटेलाल साकेत, निवासी ग्राम करह उर्फ खैरागढ़, थाना शाहपुर जिला मऊगंज बताया।
दूसरी कामयाबी पुलिस को पेट्रोल टंकी के पास मिली। यहां संदिग्ध हालत में खड़े संतोष सोधिया पिता रामकुमार सोधिया, निवासी जोधपुर द्वितीय, थाना लौर, जिला मऊगंज को पकड़ा गया। उसके बैग में पॉलिथीन की थैलियों में पैक 5 लीटर कच्ची शराब मिली।
पुलिस द्वारा तीसरी कार्रवाई दोपहर में नईगढी-लालगंज मार्ग पर हुई। पुलिस ने रोहित सिंह पिता सज्जन सिंह, निवासी जोधपुर द्वितीय, थाना लौर को रोका। उसके पास से झोले में 5 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब बरामद हुई।
Varsha Shrivastava 
