MP और गुजरात से जैश-ए-मोहम्मद के 8 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
ATS ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी नेटवर्क का किया भंडाफोड़: गुजरात और मध्य प्रदेश में 8 आतंकी पकड़े गए, सभी संदिग्धों से पूछताछ जारी
गुजरात एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े 8 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी गुजरात और मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से की गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये सभी आरोपी भारत में आतंकी संगठन का नेटवर्क फैलाने और उसे सक्रिय करने की कोशिश कर रहे थे।
ATS अधिकारियों के मुताबिक, यह मॉड्यूल खास तौर पर गुजरात में अपनी जड़ें मजबूत करने की योजना बना रहा था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके संपर्कों, फंडिंग स्रोतों तथा डिजिटल गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।

देश में नेटवर्क फैलाने की साजिश
जांच एजेंसियों का मानना है कि ये संदिग्ध आतंकी एक संगठित तरीके से काम कर रहे थे और उनका मकसद युवाओं को प्रभावित कर नेटवर्क तैयार करना था। इसके लिए सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
ATS ने संकेत दिए हैं कि इस मॉड्यूल के पीछे कुछ अंतरराष्ट्रीय लिंक भी हो सकते हैं, जिनकी जांच की जा रही है। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ कर उनके नेटवर्क को समझने की कोशिश की जा रही है।
2000 में आतंकी संगठन JeM का गठन
जैश-ए-मोहम्मद (JeM) एक प्रतिबंधित आतंकी संगठन है, जिसकी स्थापना मार्च 2000 में मसूद अजहर ने की थी। इस संगठन पर भारत समेत कई देशों में आतंकी हमलों को अंजाम देने के आरोप लग चुके हैं। इसका मुख्यालय पाकिस्तान के बहावलपुर में बताया जाता है।
इस संगठन पर पाकिस्तान के कई इलाकों में ट्रेनिंग कैम्प और आतंकी नेटवर्क संचालित करने के आरोप लगते रहे हैं। इसके मुखिया आतंकी मसूद अजहर मसूद अजहर का नाम कई बड़े आतंकी मामलों से जुड़ा रहा है। मसूद अजहर को साल 1994 में जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, दिसंबर 1999 में इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-814 के अपहरण के बाद बंधकों की रिहाई के बदले भारत सरकार ने उसे रिहा कर दिया था।
जांच जारी, आगे खुलासों की उम्मीद
इससे पहले 21 अप्रैल 2026 को गुजरात ATS ने एंटी-नेशनल साजिश रच रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ATS के मुताबिक, ये आरोपी सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित होकर देश में “गजवा-ए-हिंद” स्थापित करने की साजिश रच रहे थे।
अब एक बार फिर गुजरात-एमपी में जैश के 8 आतंकी पकड़े गए हैं। फिलहाल, ATS इस मामले को बेहद गंभीरता से जांच रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रही है। आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Varsha Shrivastava 
