मऊगंज में आस्था पर हमला : शिव मंदिर के नंदी बाबा और गांधी पार्क में राष्ट्रपिता की प्रतिमा खंडित; क्षेत्र में आक्रोश

Mauganj News : हनुमना में मूर्तियों का सिर तोड़कर फेंका, कानून व्यवस्था पर सवाल, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मऊगंज में आस्था पर हमला : शिव मंदिर के नंदी बाबा और गांधी पार्क में राष्ट्रपिता की प्रतिमा खंडित; क्षेत्र में आक्रोश

राजेंद्र पयासी @ मऊगंज 

मऊगंज जिले के हनुमना नगर परिषद क्षेत्र में धार्मिक आस्था और राष्ट्र के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। केनवा तालाब स्थित प्राचीन शिव मंदिर में स्थापित नंदी बाबा की प्रतिमा और गांधी पार्क में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह जब स्थानीय श्रद्धालु केनवा तालाब शिव मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे तो उन्होंने देखा कि नंदी बाबा की प्रतिमा का सिर टूटा हुआ है। वहीं गांधी पार्क में टहलने निकले लोगों ने देखा कि गांधी जी की प्रतिमा का सिर धड़ से अलग कर पास में ही फेंक दिया गया है। देखते ही देखते यह खबर पूरे नगर में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग दोनों स्थलों पर एकत्र हो गए। लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है।

सोची समझी साजिश का आरोप 

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह कृत्य सोची-समझी साजिश के तहत आस्था और राष्ट्रभक्ति पर चोट पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है। लोगों ने कहा कि नगर में कानून व्यवस्था कमजोर हुई है, जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर दंड दिया जाए।

एसडीएम और थाना प्रभारी मौके पर मौजूद 

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम हनुमना राजेश मेहता और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश  पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

एसडीएम मेहता ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध थाना हनुमना में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

एसडीएम ने आमजन से शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन द्वारा दोनों प्रतिमाओं की विधिवत पुनर्स्थापना शीघ्र कराई जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।