MP: PWD मंत्री ने जारी किया 2 साल का रिपोर्ट कार्ड, राकेश सिंह ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां

भोपाल के मिंटो हॉल में लोक निर्माण मंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस, PWD मंत्री राकेश सिंह ने 2 साल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया और अपने विभाग की उपलब्धियां गिनाई।

MP: PWD मंत्री ने जारी किया 2 साल का रिपोर्ट कार्ड, राकेश सिंह ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां
PWD Minister Rakesh Singh

भोपाल। मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार के विकास और सेवा के दो साल पूरे हो गए हैं। इसी सिलसिले में एमपी के मंत्री अपने-अपने विभागों का रिपोर्ट कार्ड जारी कर जनता के सामने लेखा-जोखा रख रहें हैं। इसी कड़ी में 18 दिसंबर गुरुवार को लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मिंटो हॉल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की और अपने विभाग सहित सरकार की उपलब्धियां बताईं। 

10,000 KM सड़कों का निर्माण, 17, 284 करोड़ लागत

मोहन सरकार के विकास और सेवा के दो वर्ष पूर्ण होने पर PWD मंत्री राकेश सिंह ने मिंटो हॉल प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। मंत्री राकेश सिंह ने मीडिया के सामने 2 साल का अपना रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इस दौरान मंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाई, साथ ही अपने विभाग के कामों का लेखा-जोखा भी जनता के सामने रखा। PWD मंत्री ने बताया कि साल 2024-25 में लगभग 10,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण 17, 284 करोड़ रुपए की लागत से पूरा किया गया है। इसके साथ ही 6,627 करोड़ रुपए की लागत से 739 शासकीय भवनों का निर्माण भी किया गया है। जिससे प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया गया है।

3 सालों में बनेगी 11,310 KM लंबी 822 नई सड़कें

मंत्री राकेश सिंह ने ग्रामीण कनेक्टिविटी पर बात करते हुए कहा कि आने वाले 3 सालों में 11,310 किलोमीटर लंबी 822 नई सड़कें बनाई जाएंगी। हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश का हर गांव देश और दुनिया के बाजारों से जुड़ सके। लोकपथ मोबाइल ऐप के माध्यम से आम नागरिकों को सीधे विभाग से जोड़ा गया। इस ऐप के जरिए पहले 7 दिन का समय लगता था, लेकिन अब चार दिनों के भीतर सड़क मरम्मत सुनिश्चित की जा रही है। अब तक 11,000 से अधिक शिकायतों का सफल निराकरण किया जा चुका है।

पर्यावरण अनुकूल निर्माण को प्राथमिकता

मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि जहां-जहां पर भी सड़क का निर्माण होता है, वहां पर पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। इसी को देखते हुए पर्यावरण अनुकूल निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अंतर्गत प्रत्येक किलोमीटर पर वॉटर रिचार्ज बोर ,506 लोक कल्याण सरोवर का निर्माण, वैज्ञानिक पद्धति से ट्री शिफ्टिंग, फ्लाई ओवर पर रेन वॉटर सहित 1 जुलाई 2025 को 2.5 लाख से अधिक पौध रोपण किया गया है। लोक निर्माण विभाग के जितने भी भवन बनेंगे, वह सब ग्रीन होंगे। 

300 करोड़ की लागत से बनेगा इंजीनियर्स ट्रेनिंग सेंटर

मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि प्रदेश में PWD के इंजीनियर्स की नियमित ट्रेनिंग की व्यवस्था नहीं है। विभागीय मंत्री ने खुद खुलासा किया कि ट्रेनिंग के लिए इंजीनियर्स को बाहर जाना पड़ता था। इसलिए अब एमपी सरकार करीब 300 करोड़ की लागत से ट्रेनिंग सेंटर बनवाएगी। 

पर्यावरण अनुमति नहीं मिलने से कितने प्रोजेक्ट अटके नहीं पता

मंत्री राकेश सिंह पर्यावरण अनुमति नहीं मिलने से कितने प्रोजेक्ट अटके इसके बारे में नहीं बता पाए। पर्यावरण अनुमति नहीं मिलने पर मंत्री ने कहा, वन क्षेत्र में सड़क बनने पर वन विभाग से आपत्ति आती है। हमारी कोशिश रहती है कम से कम नुकसान हो, हम भरपाई करने का प्रयास करते हैं। इसकी संख्या अभी बता पाना सम्भव नहीं है, बाद में अपडेट कर दूंगा। खराब सड़कें ठीक कर रहे हैं, भविष्य में ऐसा न हो इसकी तैयारी कर रहे हैं।