T20 मैच के नाम पर ऑनलाइन ठगी का खेल : VIP टिकट के नाम पर 20- 25 % एडवांस मांग रहे ठग
Indore T20 Match : फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट से क्रिकेट प्रेमियों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने 12 संदिग्ध नंबर किए ट्रेस, पश्चिम बंगाल और राजस्थान से जुड़े तार।
Indore T20 Match : मध्य प्रदेश। इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को होने वाले T20 अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर ऑनलाइन ठगी करने वाला गैंग सक्रिय हो गया है। ठग VIP टिकट उपलब्ध कराने के नाम पर क्रिकेट प्रेमियों से टिकट की कीमत का 20 से 25 फीसदी एडवांस मांग रहे हैं। इतना ही नहीं, फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए टिकट कोरियर से भेजने के नाम पर अलग से चार्ज भी मांगा जा रहा है। इंदौर पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल और क्राइम ब्रांच लगातार ऐसे मामलों की निगरानी कर रही है।

ये है पूरा मामला
दरअसल, इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाले T20 अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन इसी का फायदा उठाने के लिए साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट और वेबसाइट बनाकर VIP टिकट देने का दावा किया जा रहा है। टिकट बुक करने के नाम पर लोगों से 20 से 25 फीसदी रकम एडवांस मांगी जा रही है।
कोरियर चार्ज के नाम पर एक्स्ट्रा चार्ज
इसके अलावा कोरियर चार्ज के नाम पर भी अतिरिक्त राशि की मांग की जा रही है। वही जस मामले की जानकारी मिलने के बाद इंदौर पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल और क्राइम ब्रांच ऐसे नंबरों को ट्रैक कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को 12 संदिग्ध मोबाइल नंबर मिले हैं, जिनके तार पश्चिम बंगाल और राजस्थान से जुड़े बताए जा रहे हैं।

पुलिस अब पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर मिलने वाले अनजान लोगों या फर्जी वेबसाइट के जरिए टिकट न खरीदें और किसी भी तरह की एडवांस राशि ट्रांसफर करने से पहले पूरी जानकारी की पुष्टि जरूर करें।

