Satna Conversion : सतना में चंगाई सभा में कराया जा रहा था धर्मान्तरण, महिला समेत तीन गिरफ्तार
Satna Conversion : आरोप था कि चंगाई सभा की आड़ में हिन्दुओं का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया।
Satna Conversion : मध्य प्रदेश। सतना शहर के टिकुरिया टोला कृष्णा कालोनी में धर्मान्तरण कराए जाने के आरोप लगाया जाकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। आरोप था कि चंगाई सभा की आड़ में हिन्दुओं का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया। जांच के उपरांत एक महिला समेत तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
पूजा- पाठ के बहाने बुलाकर दिया प्रलोभन
आरोप है कि शहर के कोलगवां थानान्तर्गत टिकुरिया टोला कृष्णा कालोनी में रविवार को एक घर में पूजा- पाठ के नाम पर कई लोगो को बुलाया गया। इस घर में चंगाई सभा का आयोजन किया जा रहा था। पूजा- पाठ के नाम पर बुलाए गए लोगों को इसाई धर्म के लिए प्रेरित करने कई तरह के प्रलोभन और उदाहरण दिए गए।
इतना ही नहीं पूजा-पाठ की आड़ में चंगाई सभा में बुलाया गए महिला और पुरुषों को कथित तौर पर ईसाई धर्म अपनाने पर कई तरह के प्रस्ताव देने के साथ ही घर तक देने की बातें कहीं गई। यह आरोप बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ताओं ने लगाए।
घर में मिली धार्मिक सामग्री
चंगाई सभा की आड़ में धर्मान्तरण की सूचना पर बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए जिनके द्वारा विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बताया गया कि जांच के दौरान कथित चंगाई सभा में ईसाई धर्म से जुड़े कई धार्मिक ग्रंथ मिले। पुलिस ने इस दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया जिनसे पूछताछ की गई।
तीन पर एफआईआर
कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि जगविजय उर्फ जग्गी वर्मा निवासी बजरंग कालोनी टिकुरिया टोला की शिकायत पर प्रलोभन देकर धर्मान्तरण कराने के आरोप में रेनू समुद्रे पति संजय मलिक निवासी टिकुुरिया टोला, कंचन महतो पिता जवाहर महतो निवासी बजरहा टोला, ईशु समुद्रे पिता किशन समुद्रे निवासी हरिजन कालोनी पुरानी टंकी के पास टिकुरियाटोला के विरुद्ध मप्र धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
फरियादी का आरोप है कि कंचन महतो, रेनू समुद्रे ने अच्छी नौकरी देने का वायदा किया। कुछ दिन पहले कंचन महतो के साथ रेनू समुद्रे के घर गया। उसने मुझसे कहा कि ईसाई धर्म अपना लो तुम्हारी सारी तकलीफ दूर हो जाएगी। रविवार को कंचन महतो के घर पहुंचा तो वहां पर कई लोग थे। यहां पर हिन्दू धर्म छोड़कर इसाई धर्म अपनाने का प्रलोभन दिया गया। इन लोग के द्वारा इसाई धर्म से जुड़े धार्मिक ग्रंथ का वितरण किया गया।

