सेंट जोसेफ और बाल भवन स्कूल की शानदार जीत: मुकाबलों में दिखा रोमांच
भोपाल में क्रिकेट प्रतियोगिता के मुकाबलों में सेंट जोसेफ स्कूल और बाल भवन स्कूल ने शानदार जीत दर्ज की। सेंट जोसेफ ने आईपीएस स्कूल को 69 रन से, जबकि बाल भवन ने आइकॉनिक स्कूल को 6 विकेट से हराया।
भोपाल। क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को खेले गए मुकाबलों में सेंट जोसेफ स्कूल और बाल भवन स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में सेंट जोसेफ स्कूल ने आईपीएस स्कूल को 69 रनों से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में बाल भवन स्कूल ने आइकॉनिक स्कूल को 6 विकेट से शिकस्त दी।
सेंट जोसेफ ने IPS स्कूल को 69 रनों से हराया
पहले मुकाबले में टॉस जीतकर सेंट जोसेफ स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने 24.1 ओवर में 172 रन बनाए। सेंट जोसेफ की ओर से पुरवेश मनंकर ने 42 गेंदों में 60 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं ओम तलरेजा ने 39 गेंदों में 48 रन बनाए। देक्राज साहू ने 11 और तनिष मोसेस ने 14 रनों का योगदान दिया।
आईपीएस स्कूल की ओर से गेंदबाजी करते हुए सूर्यांश एम. और मन्न कुमार ने 2-2 विकेट हासिल किए। वहीं श्रेयांश के., अनय जैन और प्रकाश शर्मा ने 1-1 विकेट लिया।
173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईपीएस स्कूल की टीम 23.5 ओवर में 103 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से दिवाकर दुबे ने 29 और मन्न कुमार ने 26 रन बनाए। सेंट जोसेफ के गेंदबाजों ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए आईपीएस स्कूल को लक्ष्य तक नहीं पहुंचने दिया। सेंट जोसेफ ने यह मुकाबला 69 रनों से अपने नाम किया।
बाल भवन स्कूल ने आइकॉनिक स्कूल को 6 विकेट से हराया
दूसरे मुकाबले में आइकॉनिक स्कूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने निर्धारित ओवरों में 114 रन बनाकर अपने सभी विकेट गंवा दिए। आइकॉनिक स्कूल की ओर से तेजस लोधी ने 45 और युवराज बी. ने 29 रनों की पारी खेली।
बाल भवन स्कूल की ओर से मोहम्मद अली के. ने 3 विकेट हासिल किए। यजान खान और सुहान यूसुफ ने 2-2 विकेट लिए, जबकि प्रायाग जे. को 1 विकेट मिला।
115 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाल भवन स्कूल की टीम ने शानदार बल्लेबाजी की। प्रायाग जे. ने 44 गेंदों में 56 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। बाल भवन स्कूल ने 17.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 120 रन बनाए और मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया।
आइकॉनिक स्कूल की ओर से आरव बी., युवराज बी. और अयान खान ने 1-1 विकेट हासिल किया।
ध्रुव नारायण सिंह ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के अध्यक्ष ध्रुव नारायण सिंह ने किया। इस दौरान भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के सचिव शांति कुमार जैन सहित जुनेद किदवई, अविनाश पाठक, मुजीबउद्दीन, अरविन्द वर्मा, सुरेश चैनानी, अमिताभ वर्मा एवं मुकुल लोखंडे उपस्थित रहे।

