रीवा: पेट्रोल पंप पर दिन दहाड़े कट्टे की नोक पर लूट की वारदात, बदमाश फरार

रीवा के सिलपरा बाईपास स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक सवार दो बदमाशों ने कर्मचारी से करीब 45 हजार रुपये लूट लिए। पूरी घटना CCTV में कैद है और पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

रीवा: पेट्रोल पंप पर दिन दहाड़े कट्टे की नोक पर लूट की वारदात, बदमाश फरार
AI image

रीवा शहर के रिंग रोड पर सिलपरा बाईपास के पास स्थित गर्ग पेट्रोल पंप पर बुधवार को लूट की बड़ी वारदात हुई। बाइक से आए दो बदमाशों ने दिन दहाड़े कट्टा दिखाकर पेट्रोल पंप के कर्मचारी से करीब 43 से 45 हजार रुपये नकद लूट लिया और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पंप पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

पेट्रोल पंप के मालिक सुनील गर्ग ने बताया कि घटना से थोड़ी देर पहले एक वर्ना कार से राहुल मिश्रा नाम का एक आदमी आया था, जिसने कर्मचारियों से बेवजह गाली-गलौज की और चला गया। इसके बाद दो लोग बाइक से आए, पंप पर घूमकर सब कुछ देखा और चले गए। कुछ समय बाद वही दोनों लड़के  फिर लौटे।

बदमाशों ने पहले पेट्रोल भरवाने का नाटक किया। एक पंप पर 30 रुपये का पेट्रोल डलवाया और 40 रुपये देकर 10 रुपये वापस लिए। फिर दूसरे पंप पर जाकर 20 रुपये का पेट्रोल डालने को कहा। जैसे ही कर्मचारी रजनीश यादव छुट्टे पैसे देने के लिए जेब से पैसे निकालने लगे, तभी एक बदमाश ने कट्टा निकाल लिया और सारे पैसे छीन लिए। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक से रतहरा की तरफ भाग निकले।

घटना के समय एक कर्मचारी टॉयलेट गया हुआ था और चौकीदार भी बाहर चला गया था, इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने लूट की। पेट्रोल पंप संचालक ने बताया कि उन्होंने पहले से ही कर्मचारियों को सतर्क रहने को कहा था।

घटना की सूचना सिविल लाइन थाने में दी गई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है। इस घटना के बाद पेट्रोल पंप के कर्मचारियों में डर का माहौल है और पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ाने की बात कही है।