पब्लिक वाणी की विजयी शुरुआत, 31वां आईईएस–डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026
सोमराज मालवीय के शानदार अर्धशतक की बदौलत पब्लिक वाणी ने 31वें आईईएस–डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की.
सोमराज मालवीय के शानदार अर्धशतक की बदौलत पब्लिक वाणी ने 31वें आईईएस–डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। वहीं दिन के दूसरे मुकाबले में भोपाल क्रिकेट क्लब ने गिल्ट फ्री को पराजित किया।
बाबे आली मैदान पर सोमवार को खेले गए मैच में पब्लिक वाणी ने 18 ओवर में 166 रन बनाए। टीम की ओर से सोमराज मालवीय ने 58 रनों की प्रभावशाली पारी खेली। शशांक गुप्ता ने 24 रन बनाए, जबकि कप्तान विशाल गर्ग और उपकप्तान विनय शुक्ला ने 18–18 रनों का योगदान दिया। विस्तार की ओर से सिरिल बसाल ने चार विकेट झटके, जबकि प्रत्यक्ष और हेम सागर को दो-दो विकेट मिले।
लक्ष्य का पीछा करते हुए विस्तार न्यूज की टीम सात विकेट खोकर 138 रन ही बना सकी। हिमांशु धारीवाल ने 44, सचिन ने 39 और शहनवाज ने 28 रन बनाए। पब्लिक वाणी की ओर से प्रकाश ने तीन विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए सोमराज मालवीय को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि सिरिल को आरएनटीयू मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का पुरस्कार मिला। यह सम्मान जनसंपर्क विभाग के संभागीय अधिकारी संतोष मिश्रा ने प्रदान किया।
इधर, कार्पोरेट ग्रुप के मुकाबले में भोपाल क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 154 रन बनाए। आदित्य अग्रवाल ने 36, अमनदीप ने 44, विक्की बुंदेला ने 23 और योगेश रजक ने 22 रन बनाए। गिल्ट फ्री की ओर से विनोद पाल ने चार विकेट लिए, जबकि अलियाजर और सृजन जुनेजा को दो-दो विकेट मिले।
जवाब में गिल्ट फ्री की टीम 148 रन ही बना सकी। आशुतोष ने 70 रनों की शानदार पारी खेली। रिजवान ने 23 और शिवम चौबे ने 21 रन बनाए। भोपाल क्रिकेट क्लब की ओर से योगेश रजक ने तीन विकेट लिए, जबकि अमनदीप और विपिन मारन को दो-दो सफलता मिली।
shivendra 
