भोपाल में सनसनीखेज वारदात: नकाबपोश बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर युवक को हथौड़े-सब्बल से पीटकर किया अधमरा, हालत नाजुक
कोलार में कुछ बदमाशों ने एक युवक पर हथौड़े, सब्बल और डंडों से हमला किया। उसके हाथ-पैर कुचल दिए और बेरहमी से तब तक पीटा, जब तक वह बेसुध नहीं हो गया। उसकी कार में तोड़फोड़ की। फिर भाग निकले।
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी के कोलार थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज़ में एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाश बिना नंबर प्लेट की गाड़ियों से आए, युवक की कार को बीच सड़क पर घेर लिया और फिर हथौड़े, सब्बल और डंडों से बेरहमी से हमला किया। हमले में युवक के हाथ-पैर बुरी तरह कुचल दिए गए। गंभीर रूप से घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना कोलार इलाके की नेताजी हिल्स कॉलोनी के पास रविवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच हुई। घायल युवक की पहचान कुलदीप सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक कुलदीप निगरानीशुदा हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ रीवा व जबलपुर में हत्या, मारपीट, रंगदारी, बलवा और अवैध हथियार रखने सहित करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में जेल से जमानत पर छूटा था।
फिल्मी स्टाइल में घेरकर हमला
पुलिस ने बताया कि कुलदीप रविवार सुबह अपनी स्कॉर्पियो कार से कहीं जा रहा था। इसी दौरान दो बिना नंबर प्लेट की कारों में सवार करीब आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने उसकी गाड़ी को आगे-पीछे से घेर लिया। बदमाशों ने कुलदीप को जबरन कार से बाहर खींचा और फिर उस पर हथौड़े, सब्बल और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमलावर इतने बेरहम थे कि उन्होंने युवक के हाथ-पैर तोड़ दिए और तब तक पीटते रहे, जब तक वह बेसुध होकर सड़क पर गिर नहीं गया। इतना ही नहीं, बदमाशों ने कुलदीप की नई स्कॉर्पियो कार पर भी हथौड़े से जमकर हमला किया और उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। वारदात के दौरान मौके पर मौजूद कई लोग वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने भी हमलावरों को रोकने या घायल युवक को बचाने की हिम्मत नहीं की। एक वीडियो में एक युवती हमलावरों को ललकारती हुई नजर आ रही है।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
हमले के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों और कुलदीप की मंगेतर ने उसे गंभीर हालत में बंसल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे गहरी चोटें आई हैं। उसके हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर फ्रैक्चर बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कुलदीप शुक्रवार को अपनी मंगेतर से मिलने के लिए भोपाल आया था। उसकी मंगेतर पेशे से दंत चिकित्सक है और नेताजी हिल्स इलाके में ही रहती है। दोनों की 6 फरवरी को सगाई तय थी और मार्च में शादी होने वाली थी। इस घटना के बाद परिवार और इलाके में दहशत का माहौल है।
पुरानी रंजिश की आशंका
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि वारदात का तरीका और पैटर्न देखकर प्रथम दृष्टया यह मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। आशंका है कि बदमाशों ने पहले से कुलदीप की रेकी की थी और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। मौका मिलते ही योजनाबद्ध तरीके से उस पर हमला किया गया।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। रीवा पुलिस से भी संपर्क किया गया है, ताकि कुलदीप के आपराधिक इतिहास और संभावित दुश्मनों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
इलाके में दहशत, सुरक्षा पर सवाल
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से कोलार इलाके में दहशत का माहौल है। जिस तरह बदमाशों ने खुलेआम बीच सड़क पर युवक को घेरकर पीटा और आराम से फरार हो गए, उसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते बदमाशों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसे अपराध दोबारा भी हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और दावा कर रही है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, अस्पताल में भर्ती घायल युवक की हालत को लेकर परिवार और पुलिस दोनों ही चिंतित है।
Varsha Shrivastava 
