महाकाल की शरण में JP नड्डा और CM यादव: शयन आरती में हुए शामिल, भक्ति पूजन के साथ दिया स्वछता का संदेश

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और एमपी सीएम डॉ. मोहन यादव ने भगवान महाकाल के दर्शन किए और शयन आरती में शामिल हुए। इसके बाद नंदी हाल में 20 मिनट तक पूजन किया और गर्भगृह में भी भगवान का पूजन-अर्चन की।

महाकाल की शरण में JP नड्डा और CM यादव: शयन आरती में हुए शामिल, भक्ति पूजन के साथ दिया स्वछता का संदेश
JP Nadda Ujjain Mahakal

उज्जैन: मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में देश-विदेश से श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन करने आते हैं। नेता, अभिनेता, सिंगर, कलाकार, क्रिकेटर हर कोई महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर उनका आशीर्वाद लेने आता है। इसी कड़ी में केंद्रीय लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा भी बाबा महाकाल के दर्शन करने उनके दरबार पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने शाम के समय होने वाली शयन आरती में शामिल होकर दर्शन लाभ प्राप्त किया। इस दौरान उनके साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी साथ रहे। जेपी नड्‌डा और सीएम यादव सिंहस्थ में होने वाले कार्यों का भी निरीक्षण करेंगे।

जेपी नड्डा और सीएम यादव ने किया अभिषेक 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और एमपी सीएम डॉ. मोहन यादव सोमवार रात उज्जैन पहुंचे थे। रात में ही जेपी नड्‌डा ने भगवान महाकाल के दर्शन किए और शयन आरती में शामिल हुए। इसके बाद मंगलवार सुबह सीएम डॉ. मोहन यादव के साथ मिलकर नंदी हाल में 20 मिनट तक पूजन किया और गर्भगृह में भी भगवान का पूजन-अर्चन किया। फिर गर्भगृह में दोनों ने महाकाल का अभिषेक किया और पुजारी आकाश ने 20 मिनट तक षोडशोपचार पूजन कराया। यह पूजन यश-कीर्ति के लिए किया जाता है।

बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से प्रशासक और अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने जेपी नड्डा का महाकाल का शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, पूजन महाकाल के पुजारी जितेंद्र गुरु द्वारा संपन्न कराया गया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा क, बाबा के दरबार में आकर सुख और आनंद की प्राप्ति हुई। उन्होंने कहा कि बाबा से देश की सुख-शांति की मनोकामना करते हुए प्रार्थना की है।

भक्ति पूजन के साथ दिया स्वछता का संदेश

बाबा महाकाल के पूजन के बाद मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के साथ मध्य प्रदेश के प्रभारी महेंद्र सिंह ने महाकाल मंदिर अन्न क्षेत्र में श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण की और खुद भी ग्रहण की। प्रसादी में पोहा खाने के बाद सभी ने खुद ही अपनी थाली उठाई और रखने चले गए। प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छता अभियान का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने महाकाल अन्न क्षेत्र में प्रसादी ग्रहण करने के बाद डिस्पोजल को डस्टबिन में डाला। स्वच्छता अभियान मे सभी की सहभागिता निभाते हुए सभी श्रद्धालुओं को भी संदेश दिया कि महाकाल क्षेत्र में सभी श्रद्धालु एक समान है। 

मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने बाबा महाकाल के दर्शन कर देश-प्रदेश की खुशहाली के लिए कामना की। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर सशक्त हो रही हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की उपस्थिति में आज धार और बैतूल में पीपीपी मॉडल पर दो नए मेडिकल कॉलेजों की आधारशिला रखी जा रही है। इसी के साथ अब प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 35 हो जाएगी।