रीवा: निर्माणाधीन CM राइज स्कूल में हादसा, लोहे की पाइप गिरने से 15 साल के किशोर श्रमिक की मौत

मध्य प्रदेश के सिरमौर में निर्माणाधीन CM Rise School में काम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 15 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद नकीम खान के रूप में हुई है, जिसके सिर पर काम के दौरान लोहे की पाइप गिर गई। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

रीवा: निर्माणाधीन CM राइज स्कूल में हादसा, लोहे की पाइप गिरने से 15 साल के किशोर श्रमिक की मौत

सिरमौर (रीवा) : मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सिरमौर में एक निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल की बिल्डिंग में बड़ा हादसा हो गया है। निर्माण कार्य के दौरान लोहे की भारी-भरकम पाइप (गाटर) सिर पर गिरने से एक 15 वर्षीय किशोर मजदूर की जान चली गई। इस घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक के परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही और बालश्रम के गंभीर आरोप लगाए हैं।

कैसे हुआ हादसा..
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना मंगलवार (5 मई 2026) की शाम करीब 3:45 बजे की है। सिरमौर में सीएम राइज स्कूल की नई बिल्डिंग का काम तेजी से चल रहा है। मृतक की पहचान मोहम्मद नकीम खान (15 वर्ष), निवासी बड़ी हर्दी के रूप में हुई है।

नकीम अपने रिश्तेदारों के साथ हर रोज की तरह मजदूरी करने स्कूल की बिल्डिंग पर गया था। चश्मदीदों के मुताबिक, घटना के वक्त जेसीबी मशीन के जरिए लोहे की भारी गाटर (पाइप) को ऊपर चढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक लोहे की पाइप का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे नीचे खड़े नकीम के सिर पर जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नकीम के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम..
हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य श्रमिकों और रिश्तेदारों ने आनन-फानन में नकीम को उठाकर सिविल अस्पताल सिरमौर पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों के आरोप..
बिना सुरक्षा उपकरणों के कराया जा रहा था काम, अस्पताल पहुंचे परिजनों ने निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार पर सुरक्षा में भारी चूक के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि-सुरक्षा का अभाव, नकीम से बिना हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट या किसी भी सुरक्षा उपकरण के काम कराया जा रहा था।

बालश्रम..
15 साल की उम्र में उससे जोखिम भरा काम लेना कानूनन गलत है।

सूचना छिपाने का प्रयास..
परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद ठेकेदार ने न तो तुरंत पुलिस को सूचना दी और न ही परिवार को समय पर जानकारी दी गई। उन्हें अस्पताल पहुंचने पर इस दुखद खबर का पता चला।

पोस्टमार्टम कराने से इनकार, कार्रवाई की मांग..
घटना से आक्रोशित परिजनों ने शुरुआत में मृतक का पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया। उनकी मांग है कि जब तक ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन नहीं मिलता, वे पीछे नहीं हटेंगे। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि लापरवाही बरतने वालों पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाए।

पुलिस की कार्रवाई..
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिरमौर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और हादसे के पीछे किसकी गलती है, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।