गर्मी और पसीने से हो रही हैं घमौरियां? जानें घरेलू उपाय, बचाव के आसान टिप्स और कब जाएं डॉक्टर के पास
घमौरियां गर्मियों में ज्यादा पसीना और बंद पोर्स की वजह से होने वाली आम त्वचा समस्या है, जिसमें छोटे लाल दाने, खुजली और जलन होती है।
गर्मी का मौसम आते ही तेज धूप, उमस और लगातार पसीना निकलने की वजह से घमौरियों की समस्या बढ़ने लगती है। बच्चों से लेकर बड़े तक इस परेशानी का सामना करते हैं। घमौरियां त्वचा पर छोटे लाल दाने, खुजली और जलन के रूप में दिखाई देती हैं, जो अधिक पसीना आने और त्वचा के पोर्स बंद होने की वजह से होती हैं। डर्मेटोलॉजिस्ट के अनुसार, गर्मियों में त्वचा को साफ और ठंडा रखना बेहद जरूरी है। सही देखभाल और कुछ घरेलू उपाय अपनाकर घमौरियों से राहत पाई जा सकती है।
घमौरियां होने के मुख्य कारण
गर्मी के मौसम में ज्यादा पसीना आने, गर्म और उमस भरे मौसम में रहने और लंबे समय तक धूप में रहने से घमौरियों की समस्या बढ़ जाती है। इसके अलावा टाइट कपड़े पहनने और त्वचा की सही तरीके से सफाई न रखने की वजह से भी त्वचा के पोर्स बंद हो जाते हैं, जिससे घमौरियां होने लगती हैं।

घमौरियों से राहत देने वाले घरेलू उपाय
घमौरियों से राहत पाने के लिए दिन में 1-2 बार ठंडे पानी से नहाना फायदेमंद होता है, इससे स्किन को ठंडक मिलती है। मुल्तानी मिट्टी लगाने से जलन कम होती है और स्किन ठंडी रहती है। वहीं एलोवेरा जेल खुजली और लालपन कम करने में मदद करता है। हल्का नारियल तेल त्वचा को मॉइस्चराइज कर राहत देता है, जबकि ढीले और सूती कपड़े पहनने से पसीना कम रुकता है और त्वचा को हवा मिलती है।

घमौरियों से बचाव के
घमौरियों से बचने के लिए गर्मियों में ज्यादा से ज्यादा पानी पीना चाहिए और तेज धूप में कम निकलना चाहिए। ढीले और सूती कपड़े पहनने से पसीना कम रुकता है और त्वचा को हवा मिलती है। शरीर को हमेशा साफ और सूखा रखें तथा ज्यादा पसीना आने पर तुरंत कपड़े बदलें। इसके अलावा क्रीम और लोशन का कम इस्तेमाल करें, मसालेदार और ज्यादा गर्म चीजें कम खाएं और कोशिश करें कि ठंडी और हवादार जगह पर रहें।

कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी
अगर घमौरियों में ज्यादा दर्द, सूजन, पस, तेज खुजली या बुखार जैसी समस्या हो रही हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। लंबे समय तक समस्या रहने पर स्किन एक्सपर्ट की सलाह लेना जरूरी है।
Varsha Shrivastava 
