लोकतंत्र सेनानी प्रादेशिक सम्मेलन: CM डॉ.मोहन यादव ने की स्पेशल ट्रेन से लेकर निःशुल्क इलाज की घोषणा
भोपाल के रवींद्र भवन में लोकतंत्र सेनानी प्रादेशिक सम्मेलन का आयोजन हुआ। दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने सम्मेलन का शुभारंभ किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान लोकतंत्र सेनानियों का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
भोपाल। राजधानी के रवींद्र भवन में 26 जून को लोकतंत्र सेनानी प्रादेशिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सीएम ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और फिर सम्मेलन में प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों पर पुष्प वर्षा कर उनका सम्मान किया और स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।

कार्यक्रम में सीएम डॉ. यादव ने 96 वर्षीय लोकतंत्र सेनानी लक्ष्मी नारायण पाटीदार और 95 वर्षीय लोकतंत्र सेनानी शांति लाल संघवी, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में आपातकाल पर केंद्रित एक शॉर्ट फिल्म भी दिखाई गई।

लोकतंत्र सेनानियों के तीर्थाटन के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकतंत्र सेनानियों के तीर्थाटन के लिए एक स्पेशल ट्रेन की शुरुआत करने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों को स्पेशल ट्रेन के माध्यम से तीर्थ यात्रा कराएगी।

लोकतंत्र सेनानी प्रदेशभर के रेस्ट हाउस और सर्किट हाउस में दो दिन नि:शुल्क ठहर सकेंगे। दिवंगत लोकतंत्र सेनानियों के योगदान के लिए उनके नाम पर उनके गांव, कस्बों में शिलालेख स्थापित करने के साथ ही शासकीय भवन, स्थानीय पार्क, मार्ग और खेल मैदानों के नाम उनके नाम पर रखे जाएंगे।

लोकतंत्र सेनानियों और स्वतंत्रता सेनानियों के इलाज की व्यवस्था मध्य प्रदेश सरकार करेगी साथ ही गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए एयर एंबुलेंस की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। जो लोकतंत्र सेनानी ताम्रपत्र प्राप्त करने से वंचित हैं, बहुत जल्द उन्हें भी ताम्रपत्र दिए जाएंगे। लोकतंत्र सेनानियों को पूरा सम्मान मिले, यह सुनिश्चित करते हुए प्रदेश के कल्याण के लिए उनके सुझावों को भी लागू किया जाएगा।

आपकी वजह से भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने रवींद्र भवन भोपाल में लोकतंत्र सेनानी प्रादेशिक सम्मेलन को संबोधित कर कहा कि आज का यह कार्यक्रम बहुत महत्वपूर्ण है। 1947 आजादी का दौर उस समय होने वाले अत्याचारों को देश नहीं भूला है। जेल जाने वाले लोगों को 19 महीने तक जेल में रखा गया। मेरे पिताजी भी उस समय 19 महीने जेल में रहे। लोकतंत्र की लड़ाई लड़ने वाले लोगों ने ऐसा क्या अपराध किया था।

कांग्रेस ने हमेशा देश की लड़ाई को रोकने का प्रयास किया। हमारे देश के आजाद होने के बाद कई राष्ट्र आजाद हुए। जापान तो द्वितीय विश्वयुद्ध में करीब-करीब खत्म हो गया था, लेकिन वो देश आज कहां हैं और हमारा देश कहां है। इंदिरा गांधी की आज चौथी पीढ़ी मैदान में हैं, लेकिन विचारधारा और नीति में कांग्रेस न तब सुधरी थी, न अब सुधरी है।

उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान चुनौती भरा माहौल था। घर के मुखिया को उठाकर सीधे जेल में बंद कर देते थे। उसके बाद न वकील, न अपील, न दलील। किसी को कुछ पता नहीं होता था कि क्या होगा। बच्चे स्कूल कैसे जाएंगे, कौन घर देखेगा, कौन फीस भरेगा। मीसाबंदियों से कहा जाता था कि कांग्रेस में शामिल हो जाओ, इंदिरा की जय-जयकार करो तो छोड़ देंगे।

सीएम ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों की लड़ाई स्वतंत्रता की पहली लड़ाई के समान है। आपकी लड़ाई की वजह से आज लोकतंत्र सुरक्षित है। जिसके कारण गरीब परिवार से निकला हुआ व्यक्ति आज देश का प्रधानमंत्री है। मुझे आज इस बात पर गर्व है कि आज हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राष्ट्र है।

कांग्रेस और उसकी नीतियों पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा आज हमारा देश प्रगति कर रहा है। जबकि, हमारे साथ ही आजाद हुए पाकिस्तान में लोकतंत्र बेहाल है। आज के समय में लोकंतत्र की मशाल को जलाए रखना, हमारे लिए जरूरी है। कांग्रेसी हाथ में संविधान की किताब लेकर बात करते हैं, लेकिन संविधान का सबसे ज्यादा दुरुपयोग किसी न किया है, तो वो कांग्रेस ही है। उनकी पांच पीढ़ियों ने दुरुपयोग किया है। वो किस मुंह संविधान की बात करते हैं।

कांग्रेस ने केवल एक परिवार को आगे बढ़ाया, बाकी लोगों को दबा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को शासन करने का बहुत लंबा समय मिला, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 10-12 साल का समय मिला। इतने सालों में कितने प्रकार के काम हुए। यह वर्ष संघ का शताब्दी वर्ष है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम सबको इस बात पर गर्व है कि हम राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ जैसे विशाल परिवार का हिस्सा हैं। यह परिवार तब-तब कसौटी पर खरा उतरा है, जब-जब देश को जरूरत पड़ी है।
CM डॉ.मोहन यादव की घोषणा, लोकतंत्र सेनानियों के लिए शुरू होगी स्पेशल ट्रेन
— Public Vani News (@publicvaninews) June 26, 2026
रवींद्र भवन भोपाल में आयोजित लोकतंत्र सेनानी प्रादेशिक सम्मेलन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकतंत्र सेनानियों पर पुष्प वर्षा से सम्मान किया। @DrMohanYadav51 #bhopal pic.twitter.com/sIcAr6KwB1
Varsha Shrivastava 
