रायपुर में कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, राहुल गांधी देंगे जिलाध्यक्षों को टिप्स

छत्तीसगढ़ कांग्रेस जिलाध्यक्षों की ट्रेनिंग: रायपुर में 21 से 30 जून तक प्रोग्राम, AICC महासचिव वेणुगोपाल ने जारी किया लेटर

रायपुर में कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, राहुल गांधी देंगे जिलाध्यक्षों को टिप्स

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान के तहत हाल ही में नियुक्त किए गए जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 21 से 30 जून 2026 तक 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर रायपुर के चांदी मोड़ स्थित अग्नियोटम अलका अवतार मंगल भवन में आयोजित होगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी करते हुए सभी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए हैं।

प्रशिक्षण शिविर में राहुल होंगे शामिल

इस प्रशिक्षण शिविर की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी इसमें शामिल होंगे। केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी पत्र के अनुसार राहुल गांधी ने शिविर में शामिल होने की सहमति दे दी है। वे 10 दिवसीय कार्यक्रम के दौरान किसी एक दिन उपस्थित होकर जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और पार्टी की रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर मार्गदर्शन देंगे। कांग्रेस इसे संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम मान रही है।

पहले दिल्ली में भी हुआ था प्रशिक्षण

हाल ही में नियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए इससे पहले 10 फरवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया था। अब उसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए राज्य स्तर पर विस्तृत प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है।

PCC और वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी

AICC ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) को प्रशिक्षण शिविर की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एआईसीसी सचिवों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और संगठन से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों को शिविर में अधिकतम समय देने के लिए कहा गया है। पत्र के अनुसार वरिष्ठ नेताओं की कम से कम पांच दिनों की उपस्थिति अनिवार्य होगी, जिसमें शिविर के पहले दो दिन और अंतिम दो दिन शामिल रहेंगे।

संगठन और चुनावी रणनीति पर फोकस

कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त नए जिला और शहर अध्यक्षों को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे, जनसंपर्क, नेतृत्व क्षमता और चुनावी रणनीति की बेहतर समझ देना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर के दौरान विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों और वरिष्ठ नेताओं द्वारा सत्र लिए जाएंगे, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी

पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों के साथ-साथ वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसी रणनीति के तहत संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियों के प्रति प्रशिक्षित करने पर जोर दिया जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की आधारशिला होता है।

21 जून को दोपहर 12 बजे तक पहुंचने के निर्देश

AICC द्वारा जारी पत्र में सभी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को 21 जून को दोपहर 12 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को औपचारिक निमंत्रण भी भेजा गया है। कांग्रेस संगठन इस प्रशिक्षण शिविर को आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण मान रहा है।