इंदौर में वाहन चेकिंग के दौरान हंगामा, महिला समेत तीन पर शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज
नशे में धुत कार सवारों ने पुलिस से की अभद्रता, मोबाइल छीनने की कोशिश के बाद तीन लोगों पर FIR
इंदौर में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस से अभद्रता, धक्कामुक्की और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। कार सवार तीन लोगों ने पुलिसकर्मियों से बहस, झूमाझटकी और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। मामले में पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
महिला ने पुलिसकर्मियों के साथ की धक्का-मुक्की
पूरा मामला 29 जून की रात इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र के चंद्रगुप्त चौराहे का है। जहां पुलिस शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पश्चिम बंगाल नंबर की हुंडई क्रेटा कार को रोकने पर उसमें सवार तीन लोग पुलिसकर्मियों से उलझ गए। पुलिस ने कार रोककर ड्राइवर की जांच की तो वह नशे की हालत में मिला।

पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की बात कही। इसी दौरान कार में बैठी महिला पुलिसकर्मियों से विवाद करने लगी। आरोप है कि महिला ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की और धक्का-मुक्की तक करने लगी। मौके पर मौजूद एसीपी रूबिना मिजवानी ने भी महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत नहीं हुई और अधिकारियों से भी बहस करने लगी।
महिला समेत तीन पर शासकीय कार्य में बाधा की FIR
आरोप है कि कार सवारों ने पुलिस के साथ धक्कामुक्की, झूमाझटकी की और एक पुलिसकर्मी का मोबाइल छीनने का भी प्रयास किया। इस दौरान मौके पर मौजूद एसीपी और अन्य पुलिस अधिकारियों से भी उनकी तीखी बहस हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

घटना के बाद हीरानगर पुलिस ने एक महिला समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Varsha Shrivastava 
