28 March 2026: MP महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ने BJP पर तीखा हमला बोला, पढ़ें इंदौर की आज की खबरें
इंदौर के चर्चित हिट एंड रन मामले ने लिया नया मोड़। महिला इंजीनियर की मौत के बाद अब मामला सिर्फ सड़क हादसे तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अवैध पेंट हाउस तक पहुंच गया है।
रीना बोरासी का भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। महिला अध्यक्ष रीना बोरासी ने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं की चिंता का दावा तो करती है। लेकिन उसकी पार्टी में ऐसे कई नेता बने हुए हैं जिन पर महिलाओं के साथ अभद्रता, उत्पीड़न और दुष्कर्म जैसे गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। उन्होंने मांग की कि भाजपा सबसे पहले ऐसे सभी नेताओं को पार्टी से बाहर करे।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया ने इंदौर में प्रेस कांफ्रेंस में हाल ही में गोवा में सामने आए मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि एक भाजपा पार्षद के बेटे द्वारा 20–30 नाबालिग बच्चियों के यौन उत्पीड़न और सामूहिक दुष्कर्म के आरोप सामने आए, लेकिन वहां की सरकार लंबे समय तक चुप रही। इसके अलावा बृजभूषण प्रकरण का हवाला देते हुए कहा गया कि देश का मान बढ़ाने वाली पहलवान बेटियों को भी न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ा।
रीना बोरासी सेतिया ने मांग की कि महिलाओं से जुड़े अपराधों के त्वरित निपटारे के लिए पूरे देश में विशेष न्यायालय और फास्ट ट्रैक व्यवस्था लागू की जाए। मध्य प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की बढ़ती संख्या और पांच साल में अठारह हजार से अधिक लापता बालिकाओं का पता न लग पाने पर भी चिंता जताई गई। रीना सेतिया का कहना है कि केवल योजनाओं का प्रचार करने से नहीं, बल्कि कड़े कदम उठाकर ही महिलाओं की सुरक्षा की जा सकती है।
अवैध पेंट हाउस और उसकी गतिविधियों तक पहुंची जांच
इंदौर के चर्चित हिट एंड रन मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। महिला इंजीनियर की मौत के बाद अब मामला सिर्फ सड़क हादसे तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अवैध पेंट हाउस और उसकी गतिविधियों तक पहुंच गया है। नगर निगम ने पेंट हाउस की वैधता को लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने मुख्य आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ तेज कर दी है।
लसूड़िया थाना क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हिट एंड रन केस में जहां एक ओर महिला इंजीनियर की जान चली गई। वहीं अब जांच की दिशा अवैध निर्माण की ओर मुड़ गई है। जिस पेंट हाउस से जुड़े आरोपी पिता-पुत्र ने इस वारदात को अंजाम दिया, उसकी वैधता को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नगर निगम अधिकारियों को पेंट हाउस की जांच के निर्देश दे चुके हैं।
बताया जा रहा है कि यह पेंट हाउस अवैध रूप से बनाया गया था और यहां पार्टियों के लिए किराए पर भी दिया जाता था। इधर, पुलिस ने मुख्य आरोपी पिता पुत्र कुलदीप और मोहनीश को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी मोहनीश पर साल 2025 में भी बत्ती लगी तेज रफ्तार कार चलाने को लेकर कार्रवाई हो चुकी है। इसके बावजूद उसने अपनी हरकतों में सुधार नहीं किया और इस बार उसकी लापरवाही एक महिला की जान पर भारी पड़ गई।
इंदौर में ट्रैफिक पुलिस सख्त, 24 घंटे में 2000 काटे चालान
इंदौर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। नियमों की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा कसते हुए बीते 24 घंटे में बड़ी संख्या में चालान किए गए हैं। दरअसल इंदौर यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले 24 घंटे में करीब 2000 चालान बनाए गए हैं। ये कार्रवाई उन वाहन चालकों पर की गई, जो लगातार ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर रहे थे।
इतना ही नहीं, 17 ऐसे लोगों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई, जो वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग कर रहे थे और अपनी ही नहीं, बल्कि दूसरों की जान को भी खतरे में डाल रहे थे। राजेश कुमार त्रिपाठी, ट्रैफिक डीसीपी का कहना है कि पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर शुरू किया गया यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि शहर का ट्रैफिक न सिर्फ सुगम बल्कि सुरक्षित भी बना रहे।
टारगेट और बोनस के लालच में सिम का खेल, क्राइम ब्रांच की नजर से नहीं बचा फर्जीवाड़ा
इंदौर से साइबर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। जहां क्राइम ब्रांच ने ऑपरेशन F.A.C.E. के तहत कार्रवाई करते हुए एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसने सिम एक्टिवेशन के नाम पर बड़ा खेल कर डाला। दरअसल, भोपाल स्थित राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय के निर्देशन पर इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम ने यह कार्रवाई की। जिसमें ऑपरेशन F.A.C.E. के तहत एक ही व्यक्ति के चेहरे का उपयोग कर फर्जी सिम कार्ड एक्टिवेट करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें इंदौर क्राइम ब्रांच ने विपिन मगरदे निवासी बैतूल को पकड़ा है।
आरोपी ने सिम प्रोवाइडर कंपनियों के टारगेट और बोनस के लालच में अपने ही फोटो का इस्तेमाल कर करीब 84 फर्जी सिम कार्ड एक्टिवेट कर दिए। जिसमें बताया जा रहा है कि आरोपी ने Vodafone Idea, Airtel और BSNL जैसी बड़ी टेलीकॉम कंपनियों के सिम कार्ड फर्जी तरीके से एक्टिवेट किए। इतना ही नहीं, टारगेट पूरा होने के बाद वह इन सिम कार्ड्स को डिएक्टिवेट भी कर देता था। फिलहाल जांच में सामने आया है कि आरोपी ने विभिन्न POS एजेंटों के नाम की जगह अपनी बहन और दोस्त के नाम का इस्तेमाल किया, वो भी उनकी जानकारी के बिना। साथ ही, उसने अज्ञात व्यक्तियों के आधार कार्ड का भी दुरुपयोग किया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
युवक का चलती कार पर लटककर स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इंदौर में एक युवक का चलती कार पर लटककर स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। जिसमें रावजी बाजार पुलिस ने वीडियो सामने आने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया। जिसके बाद पुलिस गिरफ्त में वह युवक माफी मांगता रहा। दरअसल, वायरल वीडियो में एक युवक चलती कार के बाहर लटककर खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा है, जिससे उसकी और अन्य लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती थी।
वीडियो के वायरल होते ही इंदौर पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने मामले को संज्ञान में लिया और युवक की पहचान कर उसे पकड़ लिया। जिसमें पुलिस कार्रवाई के दौरान युवक ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी। वहीं, रावजी बाजार थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 3 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है।वही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के खतरनाक स्टंट न करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
ऑनलाइन गेम की लत ने एक व्यक्ति को अपराध की राह पर धकेल दिया
इंदौर में एक दिलचस्प और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन गेम की लत ने एक व्यक्ति को अपराध की राह पर धकेल दिया। जिसमें लसुड़िया थाना पुलिस ने एक ऐसे चेन स्नेचर को गिरफ्तार किया है, जो पैसों की जरूरत पड़ते ही देवास से आकर इंदौर में वारदात को अंजाम देता था। दरअसल यह मामला लसुड़िया थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने चेन स्नेचिंग की घटनाओं में शामिल आरोपी सुरेश को गिरफ्तार किया है। जिसमें 50 वर्षीय यह आरोपी मूल रूप से देवास जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।
वहीं, पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सुरेश को ऑनलाइन गेम खेलने की लत है। जब भी उसके पास पैसों की कमी होती थी, वह देवास से इंदौर आता और चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। वही पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से ही 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उससे अन्य वारदातों के खुलासे की भी उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
तेज रफ्तार का कहर एक युवक की जान ले गया
इंदौर में तेज रफ्तार का कहर एक युवक की जान ले गया। तुकोगंज थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी अब सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई। जिसमें आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद कार छोड़कर फरार हो गए, जिसमें पुलिस ने कार को जप्त कर उसके चालक को तलाश शुरू कर दी है। दरअसल यह घटना तुकोगंज थाना क्षेत्र की है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार युवक को एक गुजरात नंबर प्लेट की कार ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कार तेज गति से आती है और अचानक एक्टिवा सवार अनस अब्बासी को टक्कर मार देती है, जिससे वह दूर जा गिरता है। वही इस घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है। हालांकि, आरोपी चालक मौके से कार छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Varsha Shrivastava 
