T20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद हरमनप्रीत की कप्तानी पर तलवार? हेड कोच ने कह दी बड़ी बात
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 से भारत के बाहर होने के बाद हरमनप्रीत कौर की कप्तानी पर सवाल उठ रहे हैं. हेड कोच अमोल मजूमदार ने कप्तानी और टीम के प्रदर्शन पर बड़ी बात कही.
भारतीय महिला क्रिकेट टीम का टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सफर ग्रुप स्टेज में ही खत्म हो गया. सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी मुकाबला हर हाल में जीतना था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर की कप्तानी पर सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने उनका बचाव किया है.
कप्तानी पर क्या बोले हेड कोच?
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब अमोल मजूमदार से पूछा गया कि क्या हरमनप्रीत कौर कप्तान बनी रहेंगी, तो उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला सिलेक्टर्स का होगा. हालांकि, उनकी राय में हरमनप्रीत जैसी अनुभवी खिलाड़ी को टीम की कप्तानी जारी रखनी चाहिए. उन्होंने कहा कि फिलहाल हरमनप्रीत आलोचनाओं के घेरे में हैं, लेकिन टीम प्रबंधन को उनके अनुभव पर भरोसा है।
टीम के प्रदर्शन पर जताई चिंता
हेड कोच ने माना कि भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया. उनके मुताबिक टीम को खास तौर पर बॉलिंग, फील्डिंग और बल्लेबाजी के एप्रोच पर काम करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में भारत 15 से 20 रन और बना सकता था। अगर ऐसा होता तो मैच का नतीजा अलग हो सकता था.
गेंदबाजी को बताया अनुभवहीन
अमोल मजूमदार ने कहा कि भारतीय टीम का मौजूदा गेंदबाजी आक्रमण अभी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी अनुभवहीन है। उन्होंने भरोसा जताया कि अगले 18 महीनों में यही गेंदबाजी यूनिट काफी मजबूत होकर सामने आएगी. कोच के मुताबिक, टीम सही दिशा में काम कर रही है और आने वाले समय में बेहतर नतीजे देखने को मिलेंगे.
हरमनप्रीत का प्रदर्शन भी रहा फीका
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हरमनप्रीत कौर बल्ले से भी ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सकीं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अर्धशतक को छोड़ दें तो बाकी मैचों में वह बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहीं. उन्होंने टूर्नामेंट के 5 मैचों में 141 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 56 रन रहा. बतौर कप्तान यह हरमनप्रीत कौर का पांचवां टी20 वर्ल्ड कप था, जबकि खिलाड़ी के रूप में उन्होंने अब तक सभी 10 महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया है.
अब आगे क्या?
टी20 वर्ल्ड कप से जल्दी बाहर होने के बाद टीम इंडिया की रणनीति और नेतृत्व दोनों पर चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, फिलहाल हेड कोच ने हरमनप्रीत कौर पर भरोसा जताया है. अब यह देखना होगा कि चयनकर्ता भविष्य के टूर्नामेंटों को ध्यान में रखते हुए कप्तानी को लेकर क्या फैसला लेते हैं.

