UGC Regulations 2026: इंदौर में नए नियमों के खिलाफ स्वर्ण सेना का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
UGC के नए नियमों को लेकर इंदौर में विरोध, रीगल चौराहे पर प्रदर्शन के बाद निकाली रैली, स्वर्ण सेना ने नियमों को रोलबैक और आरक्षण को आर्थिक आधार पर करने की मांग की
इंदौर में स्वर्ण सेना के बैनर तले UGC के नए नियमों को लेकर रीगल चौराहे पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद रैली निकालकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रमोशन ऑफ इक्विटी इन हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशंस रेगुलेशंस, 2026 को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
नए नियमों को लेकर सामान्य वर्ग में असंतोष
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नए नियमों में SC और ST के साथ-साथ OBC वर्ग को भी जातिगत भेदभाव की परिभाषा में शामिल किया गया है, जबकि सामान्य वर्ग को इस सुरक्षा दायरे से बाहर रखा गया है। इसे लेकर सामान्य वर्ग के लोगों में असंतोष है।
आरक्षण आर्थिक आधार पर करने की मांग
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने SC-ST एक्ट, एट्रोसिटी एक्ट सहित UGC एक्ट को रोलबैक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि समस्त आरक्षण आर्थिक आधार पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देशभर में इस एक्ट को लेकर आंदोलन किए जा रहे हैं।
झूठी शिकायतों के प्रावधान हटाने पर सवाल
स्वामी आनंद स्वरूप जी महाराज ने कहा कि सामान्य वर्ग के छात्रों का तर्क है कि झूठी या दुर्भावनापूर्ण शिकायतें दर्ज करने पर सजा या जुर्माने के प्रावधानों को हटा दिया गया है। इससे कानून के दुरुपयोग की आशंका बढ़ने की बात कही जा रही है।
उन्होंने निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि सुनवाई करने वाली समितियों और नियमों की स्पष्टता को लेकर सामान्य वर्ग के लोगों में असंतोष है। उनका दावा है कि इससे परिसरों में तनाव और भेदभाव की स्थिति बन सकती है।
सुप्रीम कोर्ट ने नए नियमों पर लगाई रोक
बढ़ते विवाद और याचिकाओं के बाद सुप्रीम कोर्ट ने इन नए नियमों पर रोक लगा दी है। अदालत ने प्रथम दृष्टया इन्हें अस्पष्ट पाया था।
नवंबर में दिल्ली में बड़े आंदोलन का ऐलान
स्वामी आनंद स्वरूप जी महाराज ने कहा कि नवंबर में दिल्ली में इसके खिलाफ एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसमें लाखों की संख्या में स्वर्ण और अन्य समाजों के लोग पहुंचेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग किए जाने की बात भी कही।
उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में हम लोगों को तीसरा विकल्प खोजना होगा। कार्यक्रम में परशुराम सेना से अनूप शुक्ला, काली सेना से अंकित तिवारी, करणी सेना से धर्मेंद्र सिंह, स्पाक्स से हीरालाल त्रिवेदी सहित अन्य समाजों के लोग मौजूद रहे।
Varsha Shrivastava 
