जबलपुर: EOW ने नगर पालिका परासिया के एकाउंटेंट को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

EOW जबलपुर ने नगर पालिका डोंगर परासिया, जिला छिंदवाड़ा के एकाउंटेंट शैलेन्द्र शर्मा को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी शैलेन्द्र शर्मा पर रिटायर्ड कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और पेंशन रोककर उनका फायदा उठाने का आरोप है।

जबलपुर: EOW ने नगर पालिका परासिया के एकाउंटेंट को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

जबलपुर। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर ने नगर पालिका डोंगर परासिया, जिला छिंदवाड़ा के एकाउंटेंट शैलेन्द्र शर्मा को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मंगलवार 17 फरवरी 2026 को रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी शैलेन्द्र शर्मा पर रिटायर्ड कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और पेंशन रोककर उनका फायदा उठाने का आरोप है।

प्रार्थी लाल, पिता सुन्दर लाल पिंडपारोची, निवासी परासिया, जिला छिंदवाड़ा ने 13 फरवरी 2026 को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी अगस्त 2025 में सफाई कर्मचारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, लेकिन विभाग से मिलने वाली ग्रेच्युटी और पेंशन नहीं मिली। जब प्रार्थी ने नगर पालिका के एकाउंटेंट शैलेन्द्र शर्मा से मिलकर फंड और पेंशन जारी करने का अनुरोध किया, तो आरोपी ने 25,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।

शिकायत के सत्यापन के दौरान पता चला कि आरोपी ने प्रार्थी से 20,000 रुपये की राशि ले ली थी और शेष भुगतान रोक रखा था। आरोपी इसी प्रकार अन्य रिटायर्ड कर्मचारियों के ग्रेच्युटी और पेंशन की राशि भी रोककर परेशान कर रहा था।EOW की टीम ने आज आरोपी को कार्यालय नगर पालिका डोंगर परासिया में 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया। मौके से प्रार्थी की ग्रेच्युटी और पेंशन से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(ए) के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि सरकारी कर्मचारियों द्वारा रिश्वत और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ईमानदार सेवा निवृत्त कर्मचारियों के हक की रक्षा के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।